'योगी की पाती' प्रदर्शनी में दिखा संकल्प, संवाद और संवेदना, 'रंग दे बसंती' के मंच पर बही बॉलीवुड, भोजपुरी और लोकगीतों की बयार
गोमती किनारे स्थित 1090 चौराहे पर लगी 'योगी की पाती' प्रदर्शनी में बुधवार को भी आमजन ने मुख्यमंत्री के संकल्प, संवाद और संवेदना की तस्वीर देखी।
लखनऊ: गोमती किनारे स्थित 1090 चौराहे पर लगी 'योगी की पाती' प्रदर्शनी में बुधवार को भी आमजन ने मुख्यमंत्री के संकल्प, संवाद और संवेदना की तस्वीर देखी। लोगों ने अपने शब्दों को कैनवास पर उतारकर मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना की। वहीं 'रंग दे बसंती' कार्यक्रम में 2017 के बाद 'डर से आजादी' की असली तस्वीर भी प्रस्तुत की गई। मंच पर बॉलीवुड, भोजपुरी और लोकगीतों की बयार बही। भोजपुरी लोकगायक एसपी चौहान ने अपने गीतों के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों का बखान किया, जबकि मुंबई के कलाकार अंश ने श्रोताओं को खूब झूमने पर मजबूर कर दिया।
युवाओं ने देखा 'नए भारत' का 'नया उत्तर प्रदेश':
कार्यक्रम में वैशाली ने एकल गीतों पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। 'रंग दे बसंती' के स्थानीय वालंटियर्स ने गीत-नृत्य 'डर से आजादी' के जरिए 2017 से पहले के समय और उसके बाद योगी सरकार में प्रदेश में आए सकारात्मक बदलाव को आमजन तक पहुंचाया। खुशी एवं ग्रुप के कलाकारों ने राजस्थानी, गुजराती और डांडिया आदि की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। संगत में ऑर्गन पर पप्पू, नाल पर अंगद राम शर्मा और पैड पर अन्नू रहे।
'केंद्र में पीएम मोदी, यूपी में सीएम योगी, भाजपा के सुंदर बा शासनवा हमरे यूपी में':
लोकगायक एसपी चौहान ने भोजपुरी की खुशबू से श्रोताओं को जोड़ा। उन्होंने गणेश वंदना 'करी वंदना पूजीं तोहके-सुन ल श्री गणेश' से शुरुआत की। इसके बाद 'केंद्र में पीएम मोदी, यूपी में सीएम योगी, भाजपा के सुंदर बा शासनवा हमरे यूपी के' गीत के जरिए उत्तर प्रदेश की विकास गाथा सुनाई गई। 'भारत से जे टकराई उ जाई अपने जान से' गीत पर कलाकारों ने देशभक्ति की बयार बहाई, वहीं 'जइसे अमवा के मोजरा से रस चुवेला' जैसे गीत पर पूर्वांचल के लोग झूम उठे।
अंश एंड टीम ने दी लाइव बैंड की प्रस्तुति:
अंश एंड टीम ने लाइव बैंड की प्रस्तुति दी। मुंबई से आए गायक अंश ने बॉलीवुड गानों से 1090 चौराहे से गुजर रहे राहगीरों को भी रुकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने 'तारीफ में कहें क्या- अल्फाज ही नहीं', 'धुरंधर' फिल्म और 'तुझको देखूं' जैसे गानों पर जेन जी को थिरकने पर विवश कर दिया। अंश के साथ ऑर्गन पर आदित्य, ड्रम पर ऋषभ और गिटार पर शहनवाज ने संगत की।