बीरभूम के होटल में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित एक होटल में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने 22 लोगों को बचाया, जबकि कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग के कारणों की जांच जारी है।

By  Preeti Kamal August 17th 2026 03:10 PM -- Updated: August 17th 2026 02:38 PM

बीरभूम, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में लगी भीषण आग में 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि बीरभूम में आग की घटना में लोगों की मौत की खबर से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

22 लोगों को सीढ़ियों से बचाया गया

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंडेश के अनुसार, पुलिस और दमकल की टीमें जब होटल पहुंचीं, तब बाहर से न तो धुआं दिखाई दे रहा था और न ही आग की लपटें। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 22 लोगों को सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि 11 अन्य लोगों को अस्पताल भेजा गया। शुरुआत में हादसे में 7 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। पुलिस ने होटल संचालकों को हिरासत में लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

मृतकों में बच्चे भी शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में पश्चिम बंगाल के अलावा मेघालय के लोग भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, मेघालय के पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें 10 वर्षीय शिवराज मदक और 8 वर्षीय औशनाथ मदक भी शामिल हैं। अलीपुरद्वार के तीन लोगों की भी मौत हुई है। एक अन्य व्यक्ति की पहचान की पुष्टि की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, 28 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं, जबकि 7 घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में मेघालय के शिब बाड़ी बागानारा और साउथ गरहिल क्षेत्र के लोग शामिल हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया। होटल में आग लगने की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट के बाद आग लगने के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.