पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में बनेगी बीजेपी सरकार: दिव्येंदु अधिकारी
पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल: एगरा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार दिव्येंदु अधिकारी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने का भरोसा जताया। मतगणना से पहले दिव्येंदु अधिकारी ने मां भवतारिणी काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरे राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की और दावा किया कि राज्य में अगली सरकार बीजेपी की बनेगी।
उन्होंने कहा, “मैंने पूरे पश्चिम बंगाल के लिए प्रार्थना की... पीएम मोदी के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी... हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि भावी मुख्यमंत्री राइटर्स बिल्डिंग में अपना कार्यालय बनाएंगे और इसकी पारंपरिक लाल रंग की पहचान बरकरार रखी जाएगी, ताकि कोलकाता के ऐतिहासिक महत्व को सम्मान मिल सके।”
मतगणना से पहले मां मनसा मंदिर में की पूजा
वहीं, मेदिनीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार शंकर गुचैत ने भी मतगणना से पहले मां मनसा मंदिर में पूजा की। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की राजनीति एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है और राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा, “पहली बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बना रही है, इसलिए लोग खुश हैं... लोगों ने भारी संख्या में मतदान किया है, इसी वजह से ममता बनर्जी चिंतित हैं।”
मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ियों- देबांशु पांडा
फाल्टा सीट से बीजेपी उम्मीदवार देबांशु पांडा ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बूथों पर छेड़छाड़ और मतदाताओं को डराने की घटनाएं हुईं, जिसके बाद चुनाव आयोग ने 21 मई को पुनर्मतदान का आदेश दिया। नोआपारा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने भी पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि जनता इस बार बदलाव चाहती है और बीजेपी सरकार बनाने जा रही है।
फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में होगा दोबारा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है। वहीं, 2 मई को पश्चिम मगरा हाट और डायमंड हार्बर में 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया। 294 सीटों पर मतदान 23 और 29 अप्रैल को हुआ था, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।