बंगाल चुनाव में कांटे की टक्कर, बीजेपी 130 सीटों पर आगे

By  Preeti Kamal May 4th 2026 11:40 AM -- Updated: May 4th 2026 11:01 AM

पश्चिम बंगाल: क्या पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है? शुरुआती रुझानों में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी को मामूली बढ़त मिलती दिख रही है। कोलकाता से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 48 सीटों पर बढ़त बनाई है, जबकि तृणमूल कांग्रेस  (टीएमसी) 26 सीटों पर आगे है और उसका सहयोगी बीजीपीएम 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। यह रुझान चुनाव आयोग के आंकड़ों पर आधारित हैं।

न्यूज चैनलों के मुताबिक, 294 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी को 138 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है, जो बहुमत के आंकड़े 148 से सिर्फ 10 सीट कम है। वहीं टीएमसी 120 सीटों पर आगे चल रही है। इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और नंदीग्राम व भवानीपुर से बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि शुरुआती रुझानों में बीजेपी 130 से अधिक सीटों पर आगे है, जबकि टीएमसी करीब 100 सीटों पर है।

भवानीपुर सीट पर शुरुआती राउंड में कांटे की टक्कर

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर सीट पर शुरुआती राउंड में कांटे की टक्कर हो सकती है, लेकिन आगे की गिनती में वह बढ़त बना लेंगे। अधिकारी ने कहा, “बीजेपी सरकार बना रही है। शुरुआती रुझान बीजेपी के 135 और टीएमसी के करीब 100 सीटों के हैं। भवानीपुर में शुरुआत में कांटे की टक्कर होगी, लेकिन 9-10 राउंड के बाद मैं आगे हो जाऊंगा।” उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर (एंटी-इंकंबेंसी) है और हिंदू वोट बीजेपी के पक्ष में एकजुट हुआ है।

पश्चिम बंगाल में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया

साथ ही मुस्लिम वोटों का बंटवारा भी हुआ है, खासकर मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर में। पश्चिम बंगाल में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण में 91.66% मतदान हुआ, जबकि पहले चरण में 93.19% वोटिंग हुई थी। कुल मिलाकर मतदान प्रतिशत 92.47% रहा, जो आजादी के बाद सबसे ज्यादा है। साल 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने 294 में से 213 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया था, जबकि बीजेपी 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी पार्टी बनी थी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.