नतीजों से पहले कोलकाता में हाई अलर्ट, स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर कड़ी सुरक्षा...

By  Preeti Kamal May 3rd 2026 12:30 PM -- Updated: May 3rd 2026 11:51 AM

कोलकाता, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले कोलकाता में कई स्ट्रॉन्ग रूम और मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोलकाता के भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, नेताजी इंडोर स्टेडियम समेत कई स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय और फलता विधानसभा क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है, जहां शनिवार को स्थानीय लोगों ने टीएमसी नेताओं पर धमकी और मारपीट के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

फलता में सभी मतदान केंद्रों में होगा दोबारा  मतदान

चुनाव आयोग (ECI) ने फलता विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराने का निर्देश दिया है। वहीं मतगणना 24 मई को होगी। इस बीच, दक्षिण 24 परगना जिले के फलता इलाके में शनिवार को स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना (4 मई) से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं द्वारा धमकाया और डराया जा रहा है।

इलाके में CRPF, RAF के जवान तैनात

इलाके में भारी सुरक्षा तैनाती देखी गई, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। तनाव को देखते हुए एक बख्तरबंद CRPF वाहन भी तैनात किया गया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं, ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फलता में TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने की गुंडागर्दी

पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर 21 मई को पुनर्मतदान की चुनाव आयोग की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने कहा, "फलता में टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने गुंडागर्दी की। EVM में हेराफेरी की गई। जहां मशीन पर भाजपा का नाम और कमल का चिन्ह था, वहां टेप लगाया गया। इसलिए वहां पुनर्मतदान आवश्यक है।"

TMC के चौकीदार ने दी खून-खराबा करने, घर जलाने की धमकी

एक महिला ने आरोप लगाया, “टीएमसी के इसराफिल चौकीदार ने हमें धमकी दी है कि अगर ये लोग जीत गए तो हमारे घर जला देंगे और खून-खराबा करेंगे।”

एक अन्य महिला ने कहा, “हमने टीएमसी को वोट दिया था, फिर भी हम पर हमला किया गया। हम चाहते हैं कि उसे गिरफ्तार किया जाए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।” पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर मतदान 23 और 29 अप्रैल को हुआ था, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.