बंगाल चुनाव: ममता बनर्जी के कहने पर राजनीति में आईं स्वप्ना बर्मन, राजगंज से ठोकी ताल...
जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल: भारतीय हेप्टाथलीट स्वप्ना बर्मन (Swapna Barman) ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें राज्य के खेल क्षेत्र को मजबूत करने के लिए पार्टी से जुड़ने का प्रस्ताव दिया था। मीडिया से बातचीत में बर्मन ने कहा कि राजनीति, खेलों की तुलना में काफी अलग है और यहां के लोग ज्यादा सरल हैं।
उन्होंने कहा, "राजनीति खेल से बहुत अलग है। यहां लोग बहुत सरल हैं और मुझे लोगों से अपार प्यार मिल रहा है। सभी कह रहे हैं कि वह हमारी बेटी है और हम उसे वोट देंगे। मैं ममता बनर्जी से प्रेरित हूं। उन्होंने मुझे उत्तर बंगाल के लिए काम करने और राज्य के खेल क्षेत्र को मजबूत करने को कहा।" अर्जुन पुरस्कार विजेता और 2018 एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन ने 27 फरवरी को तृणमूल कांग्रेस (TMC) जॉइन की थी।
TMC ने पार्टी में शामिल हुए खिलाडियों का किया स्वागत
TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "आज ब्रत्य बसु, चंद्रिमा भट्टाचार्य और गौतम देव की मौजूदगी में अर्जुन पुरस्कार विजेता और 2018 एशियाई खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट स्वप्ना बर्मन तृणमूल कांग्रेस परिवार में शामिल हुईं। हम उनका स्वागत करते हैं और विश्वास है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में वह बंगाल की जनता की सेवा करेंगी।"
स्वप्ना बर्मन राजगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां वह TMC के मौजूदा विधायक खगेस्वर रॉय की जगह उम्मीदवार बनी हैं। यह सीट 2011 से TMC के पास है।बुधवार को TMC सांसद और महासचिव अभिषेक बनर्जी ने राजगंज में चुनावी रैली कर मतदाताओं से स्वप्ना बर्मन के पक्ष में वोट देने की अपील की।
बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को होगा मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार खेल जगत की हस्तियों की एंट्री चर्चा का विषय बनी हुई है। ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व टेनिस स्टार Leander Paes ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) जॉइन की है। पेस ने इससे पहले 2021 में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली TMC के साथ राजनीति में कदम रखा था। 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।