मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की टीम हुई मजबूत, मंत्रिपरिषद की संख्या बढ़कर 41 पहुंची

By  Preeti Kamal June 1st 2026 12:30 PM -- Updated: June 1st 2026 11:38 AM

कोलकाता, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को बड़ा विस्तार किया गया। कोलकाता स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में 35 नए मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। आर. एन. रवि ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के बाद राज्य की मंत्रिपरिषद की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है।

शपथ लेने वाले प्रमुख नेताओं में दीपक बर्मन, अर्जुन सिंह, शंकर घोष, गौरी शंकर घोष, तापस रॉय, मनोज कुमार उरांव, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, अजय पोद्दार, स्वपन दासगुप्ता, डॉ. शरद्वत मुखर्जी और कल्याण चक्रवर्ती शामिल हैं। लोक भवन में आयोजित यह समारोह राज्य सरकार की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों के बेहतर वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जनता जो भी अपेक्षा रखती है, उसे पूरा करना हमारी प्राथमिकता

इस बीच नवगठित मंत्रिमंडल में शामिल हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि वह नई जिम्मेदारियां संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं हमेशा नई जिम्मेदारियां स्वीकार करता हूं और उन्हें पूरा करने का प्रयास करता हूं।" अर्जुन सिंह ने आगे कहा, "सरकार, पार्टी और जनता जो भी अपेक्षा रखती है, उसे पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। हमें हर जिम्मेदारी के लिए तैयार रहना चाहिए।"

इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की थी कि राज्य सरकार में 35 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार पश्चिम बंगाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.