प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से की मुलाकात

By  Preeti Kamal June 1st 2026 01:00 PM -- Updated: June 1st 2026 12:16 PM

नई दिल्ली, भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रीय राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में बैठक हुई। राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग 30 मई से 2 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है।

राष्ट्रपति के रूप में यू मिन आंग ह्लाइंग की यह पहली भारत यात्रा है। उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख उद्योगपतियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इससे पहले रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की थी।

राष्ट्रपति से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने म्यांमार के राष्ट्रपति से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की थी। उन्होंने भारत और म्यांमार के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में राष्ट्रपति के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।

दोनों देशों के बीच समृद्धि के लिए साझेदारी को नई गति मिलेगी

एस. जयशंकर ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग की बैठक को लेकर आशान्वित हैं, जिससे दोनों देशों के बीच शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए साझेदारी को नई गति मिलेगी। भारत पहुंचने से पहले राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग ने बिहार के बोधगया का दौरा किया। वहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में दर्शन किए। यह बौद्ध धर्म का प्रमुख तीर्थस्थल और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। विदेश मंत्रालय ने भारत और म्यांमार के बीच गहरे सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को रेखांकित करते हुए इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.