ट्रंप का बड़ा दावा- "आज ईरान के साथ युद्ध खत्म", तेहरान ने समझौते से किया इनकार

By  Preeti Kamal June 12th 2026 11:57 AM

वॉशिंगटन, अमरीका: अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमरीका ने ईरान के साथ चल रहा युद्ध समाप्त कर दिया है और ईरान ने कभी परमाणु हथियार न बनाने पर सहमति जताई है। हालांकि, ईरान ने ट्रंप के इस दावे की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि किसी भी समझौते पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया के लेफ्टिनेंट गवर्नर बर्ट जोन्स के समर्थन में आयोजित एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा, "हमने आज ईरान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया है और उन्होंने परमाणु हथियार न रखने पर सहमति दी है।"

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमरीका और ईरान शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने के बेहद करीब हैं। उनके अनुसार, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस सप्ताहांत यूरोप में संभावित समझौता समारोह में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने स्पष्ट किया कि समझौते को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अभी तक किसी औपचारिक समझौते को मंजूरी नहीं दी है।

ट्रंप पहले भी कई बार कर चुके हैं समझौते का दावा

इस बीच, ईरानी समाचार एजेंसी Tasnim ने ट्रंप के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले दो महीनों में भी ट्रंप कई बार समझौता होने का दावा कर चुके हैं, इसलिए आधिकारिक ईरानी घोषणा से पहले ऐसे बयानों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह भी कहा कि बातचीत में प्रगति को देखते हुए उन्होंने ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमले और बमबारी को रद्द कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में इज़राइल, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये और पाकिस्तान जैसे देशों की भी भूमिका रही है। 

कतर के दूत और ईरान के विदेश मंत्री के बीच कई मुद्दों पर सहमति

रिपोर्टों के अनुसार, कतर के दूत अली अल-थावादी और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच देर रात तक चली बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है। हालांकि अंतिम मंजूरी ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई से मिलना अभी बाकी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.