संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने दी दिवाली की शुभकामनाएं, दीये की रोशनी को बताया सकारात्मक बदलाव का प्रतीक
दिवाली पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने दुनिया भर के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दीये की रोशनी को छोटे प्रयासों से सकारात्मक बदलाव लाने और अंधकार दूर करने का प्रतीक बताया। संयुक्त राष्ट्र, आसियान ने शुभकामनाएं दीं।
नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र (UN) के मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने रविवार, 8 नवंबर को दिवाली के अवसर पर दुनियाभर में त्योहार मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जलते हुए दीये की रोशनी इस बात की याद दिलाती है कि छोटे-छोटे प्रयास भी अंधकार को दूर कर सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में वोल्कर तुर्क ने पारंपरिक दीये को रोशनी की ताकत और व्यक्तिगत प्रयासों के महत्व का प्रतीक बताया। उन्होंने लिखा, "जलते हुए दीये की गर्म और सुंदर रोशनी हमेशा इस बात की याद दिलाती है कि थोड़ी-सी रोशनी भी अंधकार को दूर कर सकती है और छोटे-छोटे प्रयास सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।"
संयुक्त राष्ट्र ने भी दी दिवाली की बधाई
संयुक्त राष्ट्र ने भी दिवाली मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। संगठन ने मिट्टी के दीयों को आशा, ज्ञान की खोज और समृद्धि का प्रतीक बताया। UN ने अपने संदेश में कहा कि भारत और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कई धर्मों के लोग दिवाली मनाते हैं। संगठन ने सभी लोगों को सुरक्षित और खुशहाल दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
आसियान ने भी दीपावली पर दिया शुभकामना संदेश
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (ASEAN) ने भी क्षेत्र में दीपावली मनाने वाले समुदायों को बधाई दी। संगठन ने अपने संदेश में त्योहार को खुशी, एकजुटता और परिवार के साथ यादगार पल बिताने का अवसर बताया।
रूस और अमेरीका ने भी दीं शुभकामनाएं
भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भारतीयों को दिवाली की बधाई देते हुए कहा कि रोशनी बांटने का त्योहार भारत और रूस के बीच आपसी सम्मान और सद्भावना की भावना को दर्शाता है। भारत में अमेरिकी दूतावास ने भी लोगों को रोशनी और खुशियों से भरी दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
अमेरीका में भारतीय मिशनों ने किए सांस्कृतिक आयोजन
अमेरीका और कनाडा में भारतीय राजनयिक मिशनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों के जरिए दिवाली मनाई। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल और वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने अपने-अपने राज्यों में 8 नवंबर को दिवाली दिवस घोषित किया। रोड आइलैंड में बोस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने प्रोविडेंस स्टेट हाउस में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। वहीं, सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय मिशन ने सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित रंगोली प्रदर्शनी को भी प्रमुखता से साझा किया।
अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है दिवाली
दिवाली हिंदू, जैन, सिख और अन्य समुदायों द्वारा मनाया जाने वाला प्रमुख त्योहार है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर घरों और सार्वजनिक स्थानों पर दीप जलाए जाते हैं।