चेन्नई, तमिलनाडु: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। विजय, जो तमिलगा वेट्री कझगम(TVK) के प्रमुख हैं, 7 मई को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
विजय की राजनीतिक एंट्री बेहद शानदार रही है। TVK तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 234 में से 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह प्रदर्शन द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के लंबे समय से चले आ रहे प्रभुत्व के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, TVK बहुमत के आंकड़े 118 से 10 सीटें पीछे रह गई है।
TVK, कांग्रेस, छोटे दलों से ले सकते हैं समर्थन
सरकार बनाने के लिए TVK कांग्रेस, PMK, वाम दलों, CPI(M) और VCK जैसे छोटे दलों का समर्थन ले सकती है, जिससे वह बहुमत का आंकड़ा पार कर सकती है। चुनाव नतीजों ने मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के लिए बड़ा झटका दिया है। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) नेता स्टालिन को कोलाथुर सीट पर TVK के वीएस बाबू (VS Babu) ने 8,795 वोटों से हराया। DMK को कुल 59 सीटों पर ही जीत मिली।
🚨 #TVK Chief Vijay will be sworn as the Chief Minister of Tamil Nadu 🗓️ May 7th 📍Nehru Indoor Stadium pic.twitter.com/RZocf5upiO
— TVK Virtual Warriors HQ (@TVKWarriorsHQ) May 5, 2026
एमके स्टालिन और उनकी मंत्रिपरिषद का इस्तीफा स्वीकार
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने मंगलवार को एमके स्टालिन और उनकी मंत्रिपरिषद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। साथ ही, उन्होंने स्टालिन से नई सरकार के गठन तक पद पर बने रहने का अनुरोध किया है। विजय का सत्ता में आना ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि जून 1977 के बाद पहली बार तमिलनाडु में DMK और AIADMK के अलावा किसी अन्य दल की सरकार बनने जा रही है।
तमिलनाडु का चुनाव जीतकर विजय ने तोड़ी कई धारणाएं
विजय की जीत ने उन धारणाओं को भी तोड़ा है कि अभिनेता राजनीति में सफल नहीं हो पाते और उन्हें एनटी रामाराव , एमजी रामचंद्रन और जे जयललिता जैसे दिग्गज अभिनेता-नेताओं की श्रेणी में ला खड़ा किया है। इस बीच, सहयोगी दलों के नेता जैसे थोल तिरुमावलवन, CPI(M) के राज्य सचिव शन्मुगम और CPI के राज्य सचिव वीरापांडियन बुधवार को स्टालिन से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।