गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी कांवड़ यात्रा, रामनवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाई थी, उनके मुंह से आज आस्था की बात हास्यास्पद लगती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 2017 के बाद कांवड़ यात्रा को सुरक्षा, सम्मान और सुविधाएं उपलब्ध कराईं, जिसके कारण यह देश की सबसे बड़ी और अनुशासित धार्मिक यात्राओं में शामिल हो गई है।
मुख्यमंत्री ने मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया, विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
"2017 से पहले कांवड़ यात्रा रोकने के आदेश थे":
सीएम योगी ने कहा कि 2017 में सत्ता संभालने के बाद अधिकारियों के साथ हुई पहली बैठकों में उन्हें बताया गया था कि पुराने शासनादेशों में कांवड़ यात्रा से दंगे होने की आशंका जताकर इसे रोकने और घंट-घड़ियाल, शंख आदि बजाने पर रोक लगाने के निर्देश थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने शिवभक्तों को सुरक्षा और सुविधाएं देने का फैसला किया तथा स्पष्ट किया कि सच्चा भक्त कभी अनुशासन नहीं तोड़ता।
उन्होंने कांवड़ संघों और शिवभक्तों से अपील की कि आगामी कांवड़ यात्रा की मर्यादा और अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी विरोधी तत्व को माहौल खराब करने का अवसर न दें।
विपक्ष पर साधा निशाना:
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने हमेशा आस्था को वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले रामनवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे, जबकि उनकी सरकार धार्मिक स्थलों और परंपराओं के संरक्षण एवं विकास का कार्य कर रही है।
उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, दुग्धेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर और पुरा महादेव में आदियोगी प्रतिमा परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के धार्मिक स्थलों का व्यापक विकास किया जा रहा है।
"गाजियाबाद अब सुशासन की पहचान":
सीएम योगी ने कहा कि एक दशक पहले गाजियाबाद की पहचान गैंगवार, अपराध और गंदगी से होती थी, जबकि आज यह सुशासन, स्वच्छता और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की बेहतर व्यवस्था, सड़क नेटवर्क और कानून-व्यवस्था ने शहर की तस्वीर बदल दी है।
रैपिड रेल और एक्सप्रेसवे का किया जिक्र:
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल परियोजना को पूर्ववर्ती सरकारों ने ठुकरा दिया था, लेकिन उनकी सरकार ने इसे आगे बढ़ाया। आज मेरठ से दिल्ली की यात्रा का समय करीब 40 मिनट रह गया है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद एनसीआर और दिल्ली के ग्रोथ इंजन के रूप में तेजी से उभर रहा है।
उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, हिंडन एयरपोर्ट, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, टॉय पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
"कानून का राज ही विकास की आधारशिला":
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कानून का राज होता है, वहीं सुशासन आता है। सुशासन से निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है।
कांग्रेस और सपा पर भ्रष्टाचार का आरोप:
सीएम योगी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने स्वयं स्वीकार किया था कि सरकार का भेजा गया 100 रुपये में से केवल 15 रुपये ही जनता तक पहुंचते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाकी धन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, जबकि उनकी सरकार विकास योजनाओं का पैसा सीधे जनता तक पहुंचा रही है।
स्व. राजपाल त्यागी को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी को आदर्श जननेता बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर जनता की सेवा की। उन्होंने कहा कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि राजनीति यदि सेवा का माध्यम बने तो लोगों के दिलों में स्थायी स्थान मिलता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Add GTC Bharat on Google