गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता से खड़ी है तथा उन्हें न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

लापरवाही बरतने वालों पर भी होगी कार्रवाई:

सीएम योगी ने मामले की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए ताकि सभी दोषियों को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाई जा सके।

परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता:

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।

परिजनों ने जताया न्याय मिलने का भरोसा:

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतका के पिता वेदप्रकाश और भाई प्रशांत ने न्याय मिलने का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य और संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी और आश्वस्त किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल कोई भी आरोपी बच नहीं पाएगा।

परिजनों ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उन्हें न्याय मिलने का भरोसा और मजबूत हुआ है।

ये रहे मौजूद:

इस दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।