कोलकाता, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की निंदा की है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में लोगों के भीतर वर्षों से जमा गुस्सा अब सामने आ रहा है।

मीडिया से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा, "अभिषेक बनर्जी के साथ जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है, लेकिन पिछले 15 वर्षों से जनता जो कुछ झेल रही है, उसका गुस्सा कहीं न कहीं तो दिखाई देगा। राज्य का हर व्यक्ति परेशान किया गया है।"

दिलीप घोष ने अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे पर उठाए सवाल

दिलीप घोष ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे पर भी सवाल उठाए। दिलीप घोष ने कहा, "चुनाव परिणाम देखने के बाद स्थिति समझनी चाहिए थी। वहां जाकर हीरो बनने की क्या जरूरत थी? 22 गाड़ियों के काफिले के साथ घूमने वाला व्यक्ति अगर इस तरह हीरो बनने की कोशिश करेगा तो क्या होगा? जनता सब कुछ देख रही थी और अवसर का इंतजार कर रही थी।"

अभिषेक बनर्जी पर पत्थर फेंकते हुए देखा गया

इस बीच TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता सुष्मिता दत्ता को कैमरे में अभिषेक बनर्जी पर पत्थर फेंकते हुए देखा गया है। महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा झूठ फैला रही है और सामान्य लोग नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ता इस घटना में शामिल थे।

यह विवाद उस घटना के बाद सामने आया है जिसमें अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान कथित रूप से ईंट, पत्थर और अंडे फेंके गए थे।

यह "भाजपा प्रायोजित" हमला था- अभिषेक बनर्जी

हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि यह "भाजपा प्रायोजित" हमला था और उन्हें मारने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी कहा कि घटना की जानकारी देने के बावजूद पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई।

अभिषेक बनर्जी ने कहा, "वे मुझे मारना चाहते थे। पूरी घटना कैमरे में कैद है। हम हाईकोर्ट और राज्यपाल दोनों को इसकी जानकारी देंगे और अदालत का रुख करेंगे।" हमले में उनकी आंख पर चोट लगी। उन्होंने बताया कि उनकी आंख पर ईंट लगी, जिसके कारण उन्हें आंख खोलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनने की वजह से उनके सिर को गंभीर चोट नहीं लगी।

अस्पतालों और अधिकारियों को धमकाया जा रहा है- ममता बनर्जी

वहीं, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने भी आरोप लगाया कि भाजपा अस्पतालों पर दबाव बना रही है ताकि अभिषेक बनर्जी का इलाज न किया जा सके। Belle Vue Hospital में अभिषेक बनर्जी से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ अस्पतालों और अधिकारियों को धमकाया जा रहा है तथा मरीजों के इलाज को लेकर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है।