नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 20 जून को पूरे पश्चिम बंगाल में "बंगाल स्थापना दिवस" मनाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी रहेगी। भाजपा सूत्रों का कहना है कि 20 जून को बंगाल स्थापना दिवस मनाने का निर्णय इस तारीख के ऐतिहासिक महत्व से जुड़ा हुआ है।

 पार्टी के अनुसार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 20 जून को बंगाल विधानसभा में बंगाल की स्थापना से जुड़ा प्रस्ताव रखा था, जिसे भाजपा राज्य के राजनीतिक और ऐतिहासिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव मानती है। इस अवसर पर भाजपा पूरे पश्चिम बंगाल में जिला स्तरीय कार्यक्रम, स्मृति समारोह और जनसंपर्क अभियान आयोजित करने की तैयारी कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और अन्य पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

20 जून को कोलकाता के दौरे पर जा सकते हैं पीएम मोदी

इस आयोजन का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को कोलकाता के दौरे पर आने वाले हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री बंगाल स्थापना दिवस से जुड़े आयोजनों के अलावा अन्य सरकारी कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। इसके अगले दिन, यानी 21 जून को प्रधानमंत्री मोदी के कोलकाता में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होने की संभावना है।

योग दिवस को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। 20 जून को बंगाल स्थापना दिवस और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लगातार दो बड़े आयोजनों के कारण पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राजनीति और जनचर्चा का केंद्र बन सकता है।