मयनागुड़ी, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पर रविवार को एक बस और लॉरी (ट्रेलर) की टक्कर में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हो गए।

भाजपा सांसद जयंत कुमार रॉय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दुर्घटना में घायल 32 लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा, "आज जलपाईगुड़ी में एक दुर्घटना हुई। इस हादसे में घायल 32 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई।"

17 महिलाएं और 15 पुरुष अस्पताल में भर्ती

सांसद के अनुसार, अस्पताल में 17 महिलाएं और 15 पुरुष भर्ती किए गए हैं। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें उप महानिरीक्षक (डीआईजी) भी शामिल हैं, दुर्घटनास्थल का दौरा कर रहे हैं।

जयंत कुमार रॉय ने बताया, "कुछ मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया जा रहा है। जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।" इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने घटना पर जताया दु:ख

मुख्यमंत्री ने कहा, "मयनागुड़ी में एनएच-27 के उल्लाडाबरी जोराबाध इलाके में हुई इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना से मैं बेहद दुखी हूं। इस हादसे में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है।" उन्होंने बताया कि जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। साथ ही उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक और राज्य परिवहन राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन को राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख, घायलों को ₹1 लाख का मुआवज़ा

पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए सुभेंदु अधिकारी ने मुआवजे की घोषणा करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी चिकित्सा संस्थानों में घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है

अधिकारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की बस सिलीगुड़ी से कूचबिहार जा रही थी और उसने सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बस के भीतर घुस गया, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मामले की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।