कोलकाता, पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी सोमवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रविवार को दिल्ली रवाना हो गईं। इस दौरान टीएमसी नेता डोला सेन और कल्याण बनर्जी भी कोलकाता हवाई अड्डे पर मौजूद रहे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद यह INDIA गठबंधन की पहली बैठक है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव और विपक्षी दलों के बीच उभरते मतभेदों के कारण यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
DMK ने बैठक में शामिल न होने का किया फैसला
इस बीच, INDIA गठबंधन के प्रमुख सहयोगी दलों में शामिल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। डीएमके ने आरोप लगाया है कि तमिलनाडु में कांग्रेस ने चुनाव के बाद तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) का समर्थन कर गठबंधन के साथ "विश्वासघात" किया है।
VIDEO | Kolkata: Trinamool Congress (TMC) chief and former West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee heads to Delhi for INDIA bloc meeting.(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/y6vZECUKE9
— Press Trust of India (@PTI_News) June 7, 2026
कांग्रेस ने DMK के साथ मिलकर जीतीं थी 5 सीटें
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और पांच सीटें जीती थीं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद टीएमसी के भीतर भी असंतोष और आंतरिक मतभेद सामने आए हैं।
वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा ने केरल विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व के खिलाफ चलाए गए कथित अभियान को लेकर कांग्रेस से नाराजगी जताई है। इसके बावजूद माकपा ने अपने सांसद जॉन ब्रिटास को INDIA गठबंधन की बैठक में भेजने का फैसला किया है।
माकपा महासचिव ने कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों पर मांगा जवाब
माकपा महासचिव एम. ए. बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर केरल चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है। पत्र में एम. ए. बेबी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा 8 जून को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक की जानकारी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने व्यवस्थित तरीके से यह प्रचार किया कि माकपा और भाजपा के बीच समझौता हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया था कि माकपा के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ समझौता किया है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया था कि यदि ऐसा नहीं है तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनसे पूछताछ या गिरफ्तारी क्यों नहीं की।
चुनावी माहौल में कांग्रेस पर की गई सामान्य टिप्पणियां नहीं थीं- एम. ए. बेबी
एम. ए. बेबी ने कहा कि ये आरोप चुनावी माहौल में की गई सामान्य टिप्पणियां नहीं थीं, बल्कि कांग्रेस के चुनाव प्रचार का मुख्य हिस्सा थीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने बार-बार ऐसे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन का गठन भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए किया गया था और विभिन्न विचारधाराओं वाले दल इसी उद्देश्य से एक मंच पर आए थे।
Add GTC Bharat on Google