कोलकाता, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृहमंत्री की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें शुभेंदु अधिकारी को  BJP विधायक दल का नेता चुन लिया गया। बता दें कि यह बैठक कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में हुई। गृहमंत्री अमित शाह भी बैठक में बतौर ऑब्जर्वर शामिल हुए। अब यह साफ हो गया है कि शुभेंदु अधिकारी सीएम बनेंगे, उनके पास गृह विभाग का प्रभार होगा।

पश्चिम बंगाल राज्य में बीजेपी सरकार गठन के लिए विशेष तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड को ‘किले’ में बदला जा रहा है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार, राज्य पुलिस को यहां कार्यक्रम के लिए 10 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल BJP विधायक दल का नेता चुना गया है; वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हैं।

शपथ समारोह सुबह दस बजे आयोजित किया जाएगा

मीडिया में आई खबरों के अनुसार, शपथ समारोह सुबह दस बजे आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा टॉप एनडीए लीडर्स के शामिल होने की उम्मीद है। शपथ कार्यक्रम के लिए कोलकाता पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चार हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।

खुद कोलकाता पुलिस कमिश्नर संभाल रहे सुरक्षा की कमान

शपथ कार्यक्रम के लिए ऑपरेशन्स की कमान कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद खुद संभाल रहे हैं। उनके निर्देश पर एडिशनल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर और डीसी स्तर के अधिकारियों का एक बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा कार्यक्रम स्थल की निगरानी करेगा। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल राज्य पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे।

पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ से बचने के लिए ट्रैफिक पर पाबंदियां लगाई जा सकती है और रास्तों में बदलाव भी किया जा सकता है। कोलकाता पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि शपथ समारोह में आने वाली भीड़ को मैनेज करने के लिए और सुरक्षा की दृष्टि से 900 एकड़ से ज्यादा के ग्राउंड को 30 सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर में सुरक्षा की जिम्मेदारी डिप्टी कमिश्नर या असिस्टेंट कमिश्नर रैंक का एक पुलिस अधिकारी करेगा।

‘ब्रिगेड ग्राउंड एरिया नो फ्लाई जोन घोषित’

शपथ कार्यक्रम से पहले ब्रिगेड ग्राउंड एरिया को ‘नो फ्लाई जोन घोषित’ कर दिया गया है। इस दौरान प्राइवेट ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा और पुलिस हवाई निगरानी भी रखेंगी। इसके अलावा ब्रिगेड ग्राउंड के आसपास ऊंची इमारतों पर स्नाइपर्स तैनात रहेंगे। पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशिष्ट अतिथि हैं इसलिए SPG सुरक्षा की कमान संभालेगी जबकि कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बल यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अप्रिय घटना न हो।

मैदान में आने वाले हर व्यक्ति की होगी चेकिंग

रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए बुधवार को कोलकाता पुलिस मुख्यालय पर सीनियर अधिकारियों की हाई लेवल मीटिंग हुई। इस मीटिंग में सिक्योरिटी का ब्लू प्रिंट फाइनल किया गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि ब्रिगेड ग्राउंड के प्रवेश द्वार पर फ्रेम वाले मेटल डिटेक्टर और हैंडहेल्ड स्कैनर लगाए जाएंगे जबकि CCTV कैमरे पूरे परिसर की निगरानी करेंगे।