पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। 294 सदस्यों वाली विधानसभा में, आज बाकी बची 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें भवानीपुर भी शामिल है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से है।
शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वे भाजपा के मौजूदा विधायक हैं। राज्य की राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान हो रहा है। इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र उपलब्ध करा दिए गए
सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध करा दिए गए थे। मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 3,243 वोटर हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है। इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में मतदान करेंगे।
Add GTC Bharat on Google