BRICS Summit 2026: दिल्ली में ट्रैफिक प्लान तैयार, 22 जगहों पर डायवर्जन
BRICS Summit 2026 को लेकर दिल्ली पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। प्रतिनिधियों की आवाजाही के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने की अपील की है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में BRICS Summit 2026 को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट चिन्हित किए हैं। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार आम वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा।BRICS Business Forum के बीच अब 12 सितंबर से शिखर सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों की एयरपोर्ट, होटल और भारत मंडपम के बीच आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि BRICS Summit शुरू हो चुका है और प्रतिनिधियों की आवाजाही एयरपोर्ट से होटल तथा होटल से भारत मंडपम तक होगी। इसी के अनुरूप ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की गई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, 22 चिन्हित डायवर्जन पॉइंट से आम यातायात को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी सोशल मीडिया पर जारी की गई है।
घर से निकलने से पहले एडवाइजरी देखने की अपील
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें। उन्होंने कहा कि लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले से वैकल्पिक मार्ग की योजना बनाएं। पुलिस का उद्देश्य BRICS प्रतिनिधियों के काफिलों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखना है, साथ ही आम लोगों को होने वाली परेशानी को न्यूनतम करना है।
12 सितंबर से शुरू होगा मुख्य BRICS कार्यक्रम
BRICS Summit का मुख्य कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा। सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता के तहत की गई पहलों और BRICS रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान व्यापार, डिजिटल तकनीक, वित्त, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक शासन में सुधार जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
शिखर सम्मेलन में लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, सीमा-पार भुगतान व्यवस्था, राष्ट्रीय मुद्राओं के अधिक इस्तेमाल और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के विकास जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता, विकास वित्त, न्यू डेवलपमेंट बैंक के विस्तार और बहुपक्षीय वित्तीय एवं राजनीतिक संस्थानों में सुधार पर भी चर्चा होने की संभावना है।
दिल्ली पुलिस की लोगों से अपील
BRICS Summit के दौरान वीआईपी और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही के कारण दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान में रखकर बनाएं और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।