दिल्ली: रेस्टोरेंट में लगी आग, कोई हताहत नहीं; सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया

By  Preeti Kamal June 14th 2026 11:04 AM

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देशबंधु गुप्ता कॉलेज के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार तड़के आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए सब-डिविज़नल मजिस्ट्रेट (SDM) वेद प्रकाश ने कहा, "मुझे सुबह करीब 5:15 बजे घटना की सूचना मिली। यहां एक रेस्टोरेंट था और उसके ऊपर एक बैंक्वेट हॉल स्थित था। छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।"

ऊपरी मंजिल पर बने एक अस्थायी ढांचे में लगी थी आग

SDM ने आगे बताया, "उस समय रेस्टोरेंट संचालित नहीं हो रहा था। प्रारंभिक तौर पर ऐसा लगता है कि आग ऊपरी मंजिल पर बने एक अस्थायी ढांचे में लगी थी। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पास की इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहां लगभग 10 से 12 लोग मौजूद थे। हमारी टीम मौके पर स्थिति संभाल रही है और जिला मजिस्ट्रेट भी जल्द पहुंचने वाले हैं।"

गोविंदपुरी अग्निकांड की जांच में नया मोड़

इस बीच, रविवार को गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-1 में एक आवासीय इमारत में लगी भीषण आग की जांच में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक सीसीटीवी वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, समय और उसमें दिख रही घटनाओं की क्रमवार जांच की जा रही है।

आग लगने की घटना सोशल मीडिया पर वायरल 

पुलिस के अनुसार, "गोविंदपुरी आग की घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसका हमने संज्ञान लिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वीडियो में दिखाई दे रही एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने का प्रयास किया जा रहा है।"

साजिश का पता लगाने में जुटी पुलिस

अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता वीडियो का फ्रेम-दर-फ्रेम विश्लेषण कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो किस संदर्भ में रिकॉर्ड किया गया था और उसमें दिखाई दे रहे लोगों का घटना से कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और फिलहाल किसी भी संभावना, यहां तक कि साजिश के एंगल को भी खारिज नहीं किया गया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.