गोविंदपुरी अग्निकांड में बड़ा एक्शन, तीन आरोपी दो दिन की पुलिस हिरासत में

By  Preeti Kamal June 14th 2026 06:40 PM

नई दिल्ली: दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन अग्निकांड मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। मामले के तीन प्रमुख आरोपी निरंजन, राजकुमार और सरिता को रविवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने तीनों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

यह कार्रवाई उस समय हुई है जब मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।

वायरल वीडियो की हो रही जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, समय और उसमें दिखाई गई घटनाओं के क्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ के लिए उसे तलाशने और हिरासत में लेने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

शुक्रवार तड़के हुआ था भीषण हादसा

गौरतलब है कि यह भीषण आग तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-1 स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में शुक्रवार तड़के लगी थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 11 और 12 जून की रात करीब 2:24 बजे गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी।

तीन लोगों की मौत, कई घायल

पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त बचाव कार्रवाई में धुएं में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें सफदरजंग अस्पताल तथा एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। हादसे में 22 वर्षीय एक युवक और दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई गई।

पार्किंग में लगी थी आग

दमकल विभाग के अधिकारी यशवंत मीणा के अनुसार, आग इमारत की ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल में लगी थी। आग और घना धुआं तेजी से इमारत की सभी मंजिलों तक फैल गया। ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पूरी तरह जल गईं, जबकि ऊपरी मंजिलों को आंशिक नुकसान पहुंचा। बचाव दल ने छत का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां फंसी दो युवतियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब आग लगने के कारणों, संभावित लापरवाही और वायरल वीडियो में सामने आए तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.