'कुमकुम भाग्य' की अभिनेत्री संचिता उगले ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
मुंबई, महाराष्ट्र: लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले, जिन्हें 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' जैसे चर्चित धारावाहिकों में उनकी भूमिकाओं के लिए जाना जाता था, उनका निधन हो गया। वह मात्र 22 वर्ष की थीं। पुलिस के अनुसार, यह घटना 14 जून की शाम मुंबई के नालासोपारा पूर्व स्थित अचोले गांव के साई संतोषी बिल्डिंग क्षेत्र में हुई। अभिनेत्री अपने घर में मृत पाई गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अचोले पुलिस स्टेशन के API विनोद बाग का कहना है, "अचोले पुलिस स्टेशन के इलाके में एक मामला सामने आया है। 22 साल की संचिता उगले ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली... मौत की वजह का पता जांच के बाद चलेगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी... अभी तक कुछ खास पता नहीं चला है। हालांकि, उनके पिता का कहना है कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है..." इसके आगे उन्होंने बताया कि 15 जून को अभिनेत्री के पिता मच्छिंद्र उगले की शिकायत के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (NDR) का मामला दर्ज किया गया है।
'कुमकुम भाग्य' में टंडन की भूमिका से बनी थी पहचान
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री में तेजी से अपनी पहचान बना रही थीं। उन्होंने ज़ी टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'कुमकुम भाग्य' में दिया टंडन की भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी।
'वागले की दुनिया' में निभाई थी अहम भूमिका
इसके अलावा वह 'वागले की दुनिया' में रुचिता जेटली के किरदार में भी नजर आई थीं। बाद में उन्होंने डंगल टीवी के शो 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' में मुख्य भूमिका निभाई, जिसमें उनके साथ अभिनेता सौरभ बेदी दिखाई दिए थे। उनके निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। गौरतलब है कि उनके निधन से कुछ समय पहले ही उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक डांस रील साझा की गई थी, जिसे अब उनके प्रशंसक भावुक होकर याद कर रहे हैं।
