नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर गायक शान ने दुबई में अपने एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान पॉप संगीत के दिग्गज माइकल जैक्सन को खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी। शान ने माइकल जैक्सन के लोकप्रिय गाने ‘बिली जीन’ पर प्रस्तुति दी और उनके मशहूर डांस मूव्स को भी दोहराया। इस प्रस्तुति के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और प्रशंसक शान को ‘पॉप स्टार’ कहकर उनकी तारीफ कर रहे हैं। 

यह प्रस्तुति दुबई के कोका-कोला एरीना में शान के ‘ऑल ऑफ मी टूर’ के दौरान हुई। रोमांटिक हिंदी गानों के लिए मशहूर शान ने इस बार अंग्रेजी पॉप संगीत के जरिए दर्शकों को चौंका दिया। ‘बिली जीन’ गाते हुए उन्होंने माइकल जैक्सन की पहचान बन चुके खास डांस स्टेप्स, टोपी के अंदाज और मूनवॉक से भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

सोशल मीडिया पर छाया शान का ‘माइकल जैक्सन’ अंदाज

शान की प्रस्तुति के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने जमकर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि शान की प्रस्तुति ने उन्हें किशोरावस्था की याद दिला दी, जबकि दूसरे प्रशंसक ने कहा कि वर्ष 2026 में शान को माइकल जैक्सन के अंदाज में देखना उनकी उम्मीदों से बिल्कुल अलग था। एक अन्य यूजर ने शान को मजाकिया अंदाज में ‘माइकल जैकशान’ नाम दिया। वहीं, एक प्रशंसक ने उनकी प्रस्तुति की तारीफ करते हुए लिखा कि शान वास्तव में एक पॉप स्टार हैं। 

रोमांटिक गानों से पॉप संगीत तक शान का सफर

शान का असली नाम शांतनु मुखर्जी है। वह हिंदी फिल्म संगीत के लोकप्रिय गायकों में शामिल हैं। ‘तन्हा दिल’, ‘वो पहली बार’, ‘चांद सिफारिश’, ‘जब से तेरे नैना’ और ‘बहती हवा सा था वो’ जैसे गानों ने उन्हें खास पहचान दिलाई।

दुबई के इस कॉन्सर्ट में उनकी प्रस्तुति ने उनकी गायकी और मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता का एक अलग पक्ष सामने रखा। माइकल जैक्सन के मशहूर गाने और डांस मूव्स को अपनाकर शान ने अपने प्रशंसकों को पुरानी यादों और नए उत्साह का अनूठा अनुभव दिया।