1978 के चर्चित रंगा-बिल्ला कांड से प्रेरित 'राख' में दिखेंगे अली फज़ल

By  Preeti Kamal June 15th 2026 07:30 PM -- Updated: June 15th 2026 06:41 PM

नई दिल्ली: अभिनेता अली फज़ल ने अपनी नई वेब सीरीज 'राख' को अपने करियर के सबसे भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक बताया है। 1978 के चर्चित रंगा-बिल्ला हत्याकांड से प्रेरित इस क्राइम-थ्रिलर में अली एक पुलिस अधिकारी सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश की भूमिका निभा रहे हैं। अली फज़ल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब उन्होंने पहली बार 'राख' की स्क्रिप्ट पढ़ी, तो वह कई तरह की भावनाओं से गुजरे, जिनका असर लंबे समय तक उनके साथ बना रहा।

उन्होंने कहा, “स्क्रिप्ट पढ़ते समय मैं कई तरह की भावनाओं से गुजरा, जिन्होंने मुझे गहराई से प्रभावित किया। शूटिंग शुरू होने से पहले ही यह कहानी मेरे भीतर उतर चुकी थी। सेट पर पहुंचने तक मैंने उन भावनाओं को अपने किरदार जयप्रकाश तक सीमित रखने की कोशिश की, क्योंकि कहानी की मांग भी यही थी।”

अपने किरदार पर मीडिया से खुलकर बोले अली फज़ल

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अली ने बताया कि जयप्रकाश ऐसा व्यक्ति है जो अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त नहीं करता और हर परिस्थिति में खुद को संयमित रखता है। उन्होंने कहा, “जयप्रकाश अपने अंदर बहुत कुछ दबाकर रखता है क्योंकि उसके सामने एक बड़ा लक्ष्य है। उसे मामले को सुलझाना है और लगातार आगे बढ़ना है। वह अपने व्यक्तिगत भावों से ज्यादा अपने कर्तव्य पर ध्यान देता है।”

"कई बार उस भावनात्मक उथल-पुथल को संभालना मुश्किल हो जाता था"

अली फज़ल ने स्वीकार किया कि किरदार की भावनात्मक तीव्रता को बनाए रखना आसान नहीं था। हालांकि उन्होंने इसका श्रेय निर्देशक और लेखकों को दिया, जिन्होंने उन्हें किरदार की मानसिक स्थिति को समझने में काफी मदद की। उन्होंने कहा, “कई बार उस भावनात्मक उथल-पुथल को संभालना मुश्किल हो जाता था, लेकिन मेरे निर्देशक और लेखकों ने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या जयप्रकाश का किरदार लंबे समय तक उनके साथ रहेगा, तो अली ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह भूमिका उनके दिल और दिमाग पर स्थायी छाप छोड़ेगी। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह किरदार मेरे साथ लंबे समय तक रहेगा। पीछे मुड़कर देखने पर भी इसकी यादें हमेशा ताजा रहेंगी।”

ब्रेक के दौरान वह माहौल को हल्का करने के लिए मजाक करते

अली ने यह भी बताया कि वह शूटिंग के दौरान खुद को भावनात्मक रूप से संतुलित रखने के लिए खास तरीका अपनाते थे। ब्रेक के दौरान वह माहौल को हल्का करने के लिए मजाक करते, साथियों से बातचीत करते या किसी साधारण विषय जैसे खाने-पीने पर चर्चा करने लगते थे। उन्होंने कहा, “मेरे लिए किरदार और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होता है। इसलिए ब्रेक के दौरान मैं खुद को उस गंभीर माहौल से बाहर निकालने की कोशिश करता हूं।”

सीरीज में सोनाली बेंद्रे, आमिर बशीर समेत अन्य कलाकार भी आएंगे नज़र

निर्देशक प्रोसित रॉय की इस सीरीज को अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने लिखा और सह-निर्देशित किया है। सीरीज में सोनाली बेंद्रे, आमिर बशीर, आकाश मखीजा, रामदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी और दिब्येंदु भट्टाचार्य भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित 'राख' एक ऐसे जघन्य अपराध के बाद की कहानी को दिखाती है, जिसने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया था। यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.