अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की खबरों को किया खारिज, बोले- ‘काम से रिटायर नहीं हो रहा’

अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि उनके ब्लॉग में लिखा ‘टाइम टू रिटायर’ काम छोड़ने के संदर्भ में नहीं था। अभिनेता ने स्पष्ट किया कि उनका मतलब सोने के लिए जाने से था, काम से संन्यास नहीं।

By  Preeti Kamal September 15th 2026 06:30 PM -- Updated: September 15th 2026 05:57 PM

मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी रिटायरमेंट की खबरों पर विराम लगा दिया है। अभिनेता ने स्पष्ट किया कि अपने हालिया ब्लॉग में लिखे ‘टाइम टू रिटायर’ का मतलब काम से संन्यास लेना नहीं, बल्कि दिन खत्म होने के बाद सोने के लिए जाने से था। अमिताभ बच्चन ने अपने नए ब्लॉग में उन खबरों पर प्रतिक्रिया दी, जिनमें उनके अभिनय और टीवी होस्टिंग से रिटायर होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

अभिनेता ने अपने पुराने ब्लॉग के उस वाक्य का संदर्भ देते हुए बताया कि उन्होंने ‘रिटायर’ शब्द का इस्तेमाल सोने के लिए जाने के अर्थ में किया था। उन्होंने लिखा, “मैंने ब्लॉग में लिखा था... ‘इट्स लेट, टाइम टू रिटायर’... जिसका मतलब हम सभी जानते हैं- देर हो गई है, अब सोने के लिए जाना है।” अमिताभ बच्चन ने अपनी कथित रिटायरमेंट से जुड़ी एक अखबार की खबर की कटिंग भी साझा की।

‘मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं’

अभिनेता ने बेहद मजेदार अंदाज में साफ किया कि उनका काम छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने लिखा, “जी नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं; अंग्रेजी में इसका मतलब होता है मैं अब सोने जा रहा हूं। और वहां मान्यवर आपको आने का निमंत्रण नहीं है।” अमिताभ बच्चन की इस सफाई के बाद उनके प्रशंसकों के बीच उनके रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।


‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को कर रहे हैं होस्ट

अमिताभ बच्चन फिलहाल ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के 18वें सीजन की मेजबानी कर रहे हैं। वह वर्ष 2000 में शो की शुरुआत से ही इससे जुड़े रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2007 में एक सीजन के लिए अभिनेता शाहरुख खान ने शो की मेजबानी की थी। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ ब्रिटिश क्विज शो ‘Who Wants to Be a Millionaire?’ के भारतीय संस्करण के तौर पर शुरू हुआ था। यह अमिताभ बच्चन की पहली टेलीविजन प्रस्तुति भी थी और इस शो ने उनके करियर को एक नई पहचान दी।

समय के साथ KBC सिर्फ एक क्विज शो नहीं रहा। प्रतियोगियों की भावुक कहानियों और अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय अंदाज ने इसे दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई। उनका चर्चित संवाद “लॉक किया जाए” भी शो की पहचान बन गया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.