'आवारापन 2' का पहला गाना 'वे जुनून' रिलीज, इमरान हाशमी की फिल्म ने बढ़ाया उत्साह

गौरतलब है कि मूल फिल्म 'आवारापन', जिसका निर्देशन मोहित सूरी ने किया था, 29 जून 2007 को रिलीज हुई थी। इमरान हाशमी और श्रिया सरन अभिनीत यह फिल्म रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी थी, लेकिन बाद में इसे कल्ट फॉलोइंग मिली। फिल्म का संगीत, खासकर 'तो फिर आओ', आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।

By  Preeti Kamal July 7th 2026 06:00 PM -- Updated: July 7th 2026 05:12 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'आवारापन 2' का पहला गाना 'वे जुनून' मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। साल 2007 में आई 'आवारापन' का संगीत दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुका है और अब इसके सीक्वल से भी उसी जादू को बरकरार रखने की उम्मीद की जा रही है। 'वे जुनून' का संगीत मिथुन ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। इस गीत को सुबोध शर्मा ने अपनी आवाज दी है।

गाने को लेकर मिथुन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "आवारापन 2 का संगीत हमारे खास रचनात्मक तालमेल का परिणाम है। विशेष भट्ट भावनाओं से भरी दुनिया रचते हैं और सईद कादरी साहब जटिल भावनाओं को बेहद सरल शब्दों में पिरोने की अनोखी क्षमता रखते हैं। 'वे जुनून' के लिए हमें ऐसी आवाज चाहिए थी जिसमें दर्द, संवेदनशीलता और मजबूती तीनों हों। जब हमने सुबोध की आवाज सुनी तो उसमें एक सच्चाई महसूस हुई, जिसने इस गीत की भावना से तुरंत जुड़ाव बना दिया।"

'आवारापन' का संगीत एक पूरी पीढ़ी की भावनात्मक यादों का हिस्सा है

फिल्म के निर्माता विशेष भट्ट ने कहा, 'आवारापन' का संगीत एक पूरी पीढ़ी की भावनात्मक यादों का हिस्सा है। 'आवारापन 2' के लिए हमें मिथुन की संगीत समझ और सईद कादरी की काव्यात्मक शैली की जरूरत थी। 'वे जुनून' उसी बेहतरीन रचनात्मकता का परिणाम है, जिसे सुबोध शर्मा की आवाज ने और खास बना दिया है। उनकी आवाज में एक ऐसी कच्ची और सच्ची भावना है, जिसे अनुभव से नहीं सीखा जा सकता।" फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। 'आवारापन 2' में शिवम पंडित की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा और फ्रेंचाइजी में एक नया अध्याय जोड़ा जाएगा।

फिल्म का संगीत आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है

गौरतलब है कि मूल फिल्म 'आवारापन', जिसका निर्देशन मोहित सूरी ने किया था, 29 जून 2007 को रिलीज हुई थी। इमरान हाशमी और श्रिया सरन अभिनीत यह फिल्म रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी थी, लेकिन बाद में इसे कल्ट फॉलोइंग मिली। फिल्म का संगीत, खासकर 'तो फिर आओ', आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।

पहली फिल्म की कहानी शिवम पंडित नाम के एक कॉन्ट्रैक्ट किलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अपने बॉस की प्रेमिका पर नजर रखने का काम सौंपा जाता है। बाद में उसे पता चलता है कि वह मानव तस्करी का शिकार है, जिसके बाद वह उसे उसके प्रेमी से मिलाने का फैसला करता है। 'आवारापन 2' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.