‘दृश्यम 3’ ने दूसरे दिन मचाया धमाल, दो दिन में 114 करोड़ रुपये की कमाई

अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ और दूसरे दिन 52 करोड़ रुपये कमाए। दो दिनों में इसका भारत में कुल कलेक्शन 114 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

By  Preeti Kamal October 4th 2026 04:15 PM -- Updated: October 4th 2026 03:28 PM

मुंबई: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। क्राइम सस्पेंस थ्रिलर ने रिलीज के महज दो दिनों में भारत में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म ने शुक्रवार को 62 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि शनिवार को 52 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का दो दिन का कुल कलेक्शन 114 करोड़ रुपये हो गया है।

फिल्म को शनिवार को दर्शकों की ओर से मजबूत प्रतिक्रिया मिली। तरण आदर्श के अनुसार, शाम के शो में फिल्म के कारोबार में और तेजी देखने को मिली। ‘दृश्यम 3’ अब 2026 के दूसरे सबसे बड़े ओपनिंग वीकेंड की ओर बढ़ रही है। इस साल सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड फिलहाल ‘धुरंधर 2’ के नाम है।

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी को मिली मजबूती

दो दिनों के शानदार आंकड़ों ने ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी को भी मजबूती दी है। इस फ्रेंचाइजी ने पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई है। ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की कहानी विजय सालगांवकर और उसके परिवार के आगे की जिंदगी पर आधारित है। कहानी उस समय से आगे बढ़ती है जब विजय कानून की पकड़ से बचने में सफल रहा था। अब एक नई जांच उसके परिवार पर फिर से संकट खड़ा करती है।

अजय देवगन समेत ये सितारे आए नजर

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में हैं। तब्बू ने मीरा देशमुख का किरदार दोहराया है। फिल्म में श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा पर अभिषेक पाठक के साथ आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने काम किया है। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.