'मातृभूमि' की सेंसर अड़चन की खबरें गलत, सलमान खान फिल्म्स ने किया खंडन...
गौरतलब है कि इस फिल्म का पहले नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया गया। यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है।
मुंबई, महाराष्ट्र: सलमान खान फिल्म्स ने अपनी आगामी युद्ध-आधारित फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर चल रही उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि फिल्म केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से जुड़े प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) विवाद का सामना कर रही है।
शनिवार को इंस्टाग्राम पर जारी आधिकारिक बयान में प्रोडक्शन हाउस ने इन खबरों को "झूठा" और "पूरी तरह बेबुनियाद" बताया। बयान में कहा गया कि फिल्म को अभी तक सीबीएफसी के पास प्रमाणन के लिए भेजा ही नहीं गया है, इसलिए किसी तरह की आपत्ति या सर्टिफिकेशन में देरी की खबरें तथ्यहीन हैं।
सलमान खान फिल्म्स ने किया दावा
सलमान खान फिल्म्स ने कहा, "यह दावा पूरी तरह गलत है कि 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को सीबीएफसी से जुड़ी कोई समस्या आई है या उसका प्रमाणन रोक दिया गया है। फिल्म अभी तक सीबीएफसी को सर्टिफिकेशन के लिए भेजी ही नहीं गई है। इसलिए इस तरह की सभी रिपोर्ट पूरी तरह निराधार हैं।"
इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया
प्रोडक्शन हाउस ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की कि वे बिना पुष्टि की गई जानकारी साझा न करें। साथ ही स्पष्ट किया कि फिल्म से जुड़ी कोई भी आधिकारिक जानकारी केवल सलमान खान फिल्म्स के अधिकृत मंचों के माध्यम से ही जारी की जाएगी। सलमा खान द्वारा सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
फिलहाल, नई रिलीज़ तारीख की घोषणा नहीं हुई
गौरतलब है कि इस फिल्म का पहले नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया गया। यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है। फिल्म पहले अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। हालांकि, निर्माता अभी तक इसकी नई रिलीज़ तारीख की घोषणा नहीं कर पाए हैं।