मौसमी चटर्जी के पति जयंत मुखर्जी का निधन, लंबे समय से थे बीमार; 76 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता जयंत मुखर्जी का 12 नवंबर को मुंबई स्थित आवास पर निधन हो गया। वह महान संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे और लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे।

By  Preeti Kamal November 13th 2026 06:00 PM -- Updated: November 13th 2026 05:35 PM

मुंबई: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता जयंत मुखर्जी का निधन हो गया है। उन्होंने 12 नवंबर को मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

जयंत मुखर्जी के निधन की पुष्टि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में की। जयंत मुखर्जी फिल्म निर्माता होने के साथ-साथ संगीत से भी जुड़े हुए थे।

महान संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे जयंत मुखर्जी

जयंत मुखर्जी महान संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। उनका परिवार भारतीय सिनेमा में संगीत और अभिनय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। जयंत मुखर्जी ने फिल्म निर्माता के रूप में कई फिल्मों से जुड़कर अपनी पहचान बनाई। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'मजाक' (1975) और 'दो लड़के दोनों कड़के' (1979) शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'बीवी और मकान' (1966) में पार्श्वगायक के रूप में भी अपनी आवाज दी थी।

टीवी सीरियल 'तलाश' से भी जुड़े थे जयंत

जयंत मुखर्जी ने फिल्मों के अलावा टेलीविजन की दुनिया में भी काम किया था। उन्होंने वर्ष 1992 में प्रसारित हुए टीवी धारावाहिक 'तलाश' का निर्माण किया था। इस धारावाहिक का निर्देशन ऋषिकेश मुखर्जी ने किया था, जबकि इसमें मौसमी चटर्जी ने अभिनय किया था।

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर जयंत मुखर्जी के निधन पर गहरा दुख जताया। संगठन ने उन्हें फिल्म निर्माता और संगीतकार के रूप में याद करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया

एसोसिएशन ने अपने शोक संदेश में मौसमी चटर्जी, उनकी बेटी और पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। संगठन ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना की। जयंत मुखर्जी के निधन से मौसमी चटर्जी और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.