रणबीर कपूर और साई पल्लवी की ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ पांच भाषाओं में रिलीज
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म रामायण का गाना मंगल रंग पांच भाषाओं में रिलीज हो गया है। ए. आर. रहमान के संगीत से सजे इस गीत के हिंदी संस्करण को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है।
मुंबई: नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ पांच भाषाओं में रिलीज हो गया है। इस गाने के हिंदी संस्करण को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। ए. आर. रहमान द्वारा संगीतबद्ध इस गीत में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
यह गाना हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में यूट्यूब तथा संगीत स्ट्रीमिंग मंचों पर उपलब्ध है। इसके दृश्यों में राम और सीता के विवाह, महल के जीवन और वनवास के दौरान के क्षणों को दिखाया गया है। गाने में भगवान राम को धनुष-बाण और तलवार के साथ भी दिखाया गया है।
पांच भाषाओं में अलग-अलग गायकों ने दी आवाज
गाने के हिंदी संस्करण में अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गायन किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। तमिल संस्करण को अभय जोधपुरकर और सैंधवी ने गाया है। तेलुगु संस्करण में राघव कौशिक और वैशाली सामंत की आवाज सुनाई देती है। कन्नड़ संस्करण को अरमान मलिक और बेला शेंडे ने गाया है, जबकि मलयालम संस्करण में नरेश अय्यर और अमृता राजन ने अपनी आवाज दी है।
ए. आर. रहमान बोले- संगीत में प्रेम और भक्ति का भाव
संगीतकार ए. आर. रहमान ने कहा कि वह ‘रामायण’ की कहानी और भगवान राम तथा माता सीता के रिश्ते में मौजूद प्रेम और भक्ति को संगीत के माध्यम से व्यक्त करना चाहते थे। रहमान के अनुसार, ‘रामायण’ पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी कहानी है। उन्होंने ‘मंगल रंग’ की धुन के जरिए राम और सीता के रिश्ते की पवित्रता, कोमलता और समर्पण को सामने लाने का प्रयास किया है।
अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने भी साझा किया अनुभव
अरिजीत सिंह ने कहा कि ‘मंगल रंग’ की धुन ने उन्हें शब्दों से परे प्रेम के एक ऐसे भाव से जोड़ा, जहां प्रेम अपने सबसे शुद्ध रूप में सामने आता है। उन्होंने ‘रामायण’ को केवल एक कहानी या महाकाव्य नहीं, बल्कि जीवन और आंतरिक चेतना से जुड़ा शाश्वत अनुभव बताया। वहीं, श्रेया घोषाल ने कहा कि भगवान राम और माता सीता के प्रेम में साथ रहने की खुशी के अलावा विश्वास, समझ और शांत शक्ति भी है। उनके अनुसार, इस गाने को गाते समय उन्होंने इस रिश्ते की कोमलता को महसूस करने की कोशिश की।
यश, सनी देओल और रवि दुबे भी फिल्म का हिस्सा
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह दो भागों वाली फिल्म नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से बनाई है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है।