'ईथा' से श्रद्धा कपूर का दमदार लुक आया सामने, विठाबाई की भूमिका में दिखीं अभिनेत्री
'ईथा' मराठी लोककला जगत की दिग्गज कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन, संघर्ष और विरासत पर आधारित है, जिन्हें तमाशा और लावणी परंपरा की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियों में गिना जाता है।
मुंबई: अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी बायोपिक फिल्म ईथा का पहला आधिकारिक पोस्टर मंगलवार को जारी किया गया। पोस्टर में श्रद्धा कपूर महान मराठी तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के किरदार में नजर आ रही हैं।
जारी किए गए पोस्टरों में श्रद्धा कपूर पारंपरिक नौवारी साड़ी पहने हुए दिखाई दे रही हैं। ऐतिहासिक लोक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि में उनका लुक बेहद प्रभावशाली और शाही नजर आ रहा है। प्रशंसकों का मानना है कि यह उनके करियर का अब तक का सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण अवतार है।
श्रद्धा कपूर ने साझा किया फिल्म 'ईथा' का फर्स्ट लुक
श्रद्धा कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का फर्स्ट लुक साझा किया, जिसके बाद फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि निर्माण दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है।
आपको बता दें कि यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल को सौंपी गई है। यह प्रोजेक्ट दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर की सफल फिल्म छावा के बाद एक और महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है।

प्रशंसकों ने की श्रद्धा कपूर के शानदार ट्रांसफॉर्मेशन की सराहना
फिल्म की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। प्रशंसकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी श्रद्धा कपूर की मेहनत और उनके शानदार ट्रांसफॉर्मेशन की सराहना की। श्रद्धा के भाई और अभिनेता सिद्धांत कपूर ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए फिल्म के लिए उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण की प्रशंसा की।
फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता पहले ही बढ़ चुकी है
फिल्म को लेकर उत्सुकता पहले ही बढ़ चुकी थी, जब 19 जून को रिलीज हुई कॉकटेल-2 की सिनेमाघर स्क्रीनिंग के दौरान इसका टीजर दिखाया गया था। हालांकि टीजर को आधिकारिक रूप से ऑनलाइन जारी नहीं किया गया, लेकिन सिनेमाघरों में रिकॉर्ड किए गए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।
प्रसव पीड़ा के दृश्य ने दर्शकों का ध्यान खींचा
टीजर के एक चर्चित दृश्य में श्रद्धा कपूर गर्भावस्था के अंतिम चरण में दिखाई देती हैं और प्रसव पीड़ा के दौरान एक भावनात्मक दृश्य में नजर आती हैं, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित फिल्म
'ईथा' मराठी लोककला जगत की दिग्गज कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन, संघर्ष और विरासत पर आधारित है, जिन्हें तमाशा और लावणी परंपरा की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियों में गिना जाता है। फिल्म का पहला टीजर 23 जून को जारी किया जाना है, जबकि यह बहुप्रतीक्षित बायोपिक 28 अगस्त 2026 को रक्षा बंधन वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।