नितिन गडकरी से मिले विक्रांत मैसी, बोले- 'आपसे मिलना वाकई सुखद रहा'; गणेश प्रतिमा के साथ तस्वीर आई सामने

बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। गडकरी ने मुलाकात का वीडियो साझा किया, जबकि विक्रांत ने इसे सुखद अनुभव बताया। अभिनेता जल्द 'मुसाफिर कैफे' के दूसरे सीजन में भी नजर आएंगे, जिसका ऐलान हो चुका है।

By  Preeti Kamal September 7th 2026 04:30 PM -- Updated: September 7th 2026 03:29 PM

नागपुर: बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने सोमवार को नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) से मुलाकात की। गडकरी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात का वीडियो साझा किया, जिसमें दोनों गणेश प्रतिमा के साथ तस्वीर खिंचवाते नजर आए। नितिन गडकरी ने मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि अभिनेता विक्रांत मैसी ने नागपुर में उनसे मुलाकात की।

वहीं, विक्रांत मैसी ने भी इस मुलाकात को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया। उन्होंने गडकरी को टैग करते हुए लिखा कि उनसे मिलना उनके लिए बेहद सुखद रहा और उन्होंने केंद्रीय मंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुलाकात के दौरान दोनों के हाथों में भगवान गणेश की प्रतिमा नजर आई। हालांकि, दोनों के बीच हुई बातचीत या किसी संभावित परियोजना को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


'मुसाफिर कैफे' के दूसरे सीजन का ऐलान

विक्रांत मैसी इन दिनों अपनी हालिया वेब सीरीज 'मुसाफिर कैफे' (Musafir Cafe) को लेकर भी चर्चा में हैं। नेटफ्लिक्स ने अगस्त में आधिकारिक तौर पर सीरीज के दूसरे सीजन की घोषणा की थी। दूसरे सीजन में चंदर, सुधा और प्रीति की कहानी आगे बढ़ेगी और पहले सीजन में अनसुलझे रह गए रिश्तों और भावनात्मक सवालों को आगे बढ़ाया जाएगा। सीरीज में विक्रांत मैसी के साथ वेदिका पिंटो (Vedika Pinto) और माहिमा मकवाना (Mahima Makwana) मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसमें आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा और सादिया सिद्दीकी भी नजर आए हैं।

'प्रीतम एंड पेड्रो' में भी मिला दर्शकों का प्यार

विक्रांत मैसी को जियोहॉटस्टार की सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' (Pritam and Pedro) में भी उनके अभिनय के लिए सराहना मिली है। अभिनेता पिछले कुछ समय से फिल्मों और ओटीटी परियोजनाओं में अलग-अलग तरह की भूमिकाओं के लिए चर्चा में रहे हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.