81 साल की उम्र में ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन ने जीता बुकर पुरस्कार 2026, बने सबसे उम्रदराज विजेता

ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन ने अपने उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए बुकर पुरस्कार 2026 जीत लिया है। 81 साल की उम्र में वह इस प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मान के इतिहास के सबसे उम्रदराज विजेता बन गए हैं।

By  Preeti Kamal November 10th 2026 05:30 PM -- Updated: November 10th 2026 04:47 PM

लॉस एंजिलिस, अमरीका: ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन (M. John Harrison) ने अपने उपन्यास The End of Everything के लिए वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार जीत लिया है। 81 वर्ष की उम्र में यह सम्मान हासिल कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। वह बुकर पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज लेखक बन गए हैं।

सोमवार को लंदन के ओल्ड बिलिंग्सगेट में आयोजित समारोह में विजेता के नाम की घोषणा की गई। पुरस्कार के रूप में हैरिसन को 50,000 ब्रिटिश पाउंड (करीब 67,000 अमेरिकी डॉलर) की राशि मिलेगी। इस साल बुकर पुरस्कार की जूरी की अध्यक्षता इतिहासकार मैरी बियर्ड ने की। जूरी में कवि रेमंड एंट्रोबस, लेखिका पेट्रीसिया लॉकवुड, समीक्षक रेबेका लियू और ब्रिटिश बैंड पल्प के प्रमुख गायक जार्विस कॉकर शामिल थे।

'The End of Everything' को जूरी ने बताया बहुआयामी उपन्यास

एम. जॉन हैरिसन के उपन्यास 'The End of Everything' की जूरी ने विशेष सराहना की। जूरी के मुताबिक, इस किताब को थ्रिलर, रहस्य, व्यंग्य, डिस्टोपियन साहित्य, रोड नॉवेल या यथार्थवादी उपन्यास के रूप में पढ़ा जा सकता है। जूरी ने कहा कि पाठक इस रचना में अपनी पसंद की विधा के तत्व खोज सकते हैं, हालांकि इसकी कहानी पारंपरिक अंदाज से अलग और अप्रत्याशित मोड़ों के साथ आगे बढ़ती है।

बुकर पुरस्कार में साइंस फिक्शन को मिली खास पहचान

हैरिसन की जीत को साइंस फिक्शन साहित्य के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह संभवतः पहली बार है जब इस विधा के किसी उपन्यास को बुकर पुरस्कार मिला है। इससे पहले 2024 में सामंथा हार्वे के उपन्यास Orbital को बुकर पुरस्कार मिला था। इसकी कहानी अंतरिक्ष स्टेशन पर सवार अंतरिक्ष यात्रियों के इर्द-गिर्द घूमती है, हालांकि इसे पारंपरिक साइंस फिक्शन की श्रेणी में रखना आसान नहीं है। हैरिसन पिछले पांच दशकों से अधिक समय से साइंस फिक्शन विधा में लेखन कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि को साहित्य की इस विधा के लिए विशेष पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

साइंस फिक्शन लेखन में छह दशक का अनुभव

एम. जॉन हैरिसन ने 1965 में अपनी पहली कहानी प्रकाशित की थी। उन्होंने अपने साहित्यिक करियर में उपन्यास, कहानियां और साहित्यिक आलोचनाएं लिखी हैं। उनकी चर्चित रचनाओं में 'विरकोनियम' (Viriconium) सीरीज और 'केफाहुची ट्रैक्ट' (Kefahuchi Tract) ट्रिलॉजी शामिल हैं।

उन्होंने 1971 में विरकोनियम सीरीज की शुरुआत की थी, जिसकी कहानियां एक भविष्य की काल्पनिक पृथ्वी और शहर के इर्द-गिर्द घूमती हैं। वहीं, केफाहुची ट्रैक्ट ट्रिलॉजी 2002 से 2012 के बीच पूरी हुई। दिलचस्प बात यह है कि हैरिसन को पहली बार बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था और पहली ही बार में उन्होंने यह प्रतिष्ठित सम्मान अपने नाम कर लिया। उनकी यह जीत साइंस फिक्शन साहित्य के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.