रजनीकांत और एमके स्टालिन की मौजूदगी में अनिरुद्ध-काव्या ने रचाई शादी, 11.11 को बने हमसफर

संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन ने 11 नवंबर को ग्रीस में शादी की। समारोह में रजनीकांत और एमके स्टालिन शामिल हुए। दोनों 21 नवंबर को चेन्नई में भव्य रिसेप्शन आयोजित करेंगे।

By  Preeti Kamal November 12th 2026 12:15 PM -- Updated: November 12th 2026 11:51 AM

नई दिल्ली: मशहूर संगीतकार और गायक अनिरुद्ध रविचंदर (Anirudh Ravichander) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालकिन काव्या मारन (Kavya Maran) शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने 11 नवंबर 2026 को ग्रीस में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए। शादी की पहली तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

अनिरुद्ध ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीर साझा कर इस रिश्ते की पुष्टि की। तस्वीर में दोनों बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आ रहे हैं। अनिरुद्ध ने इसके साथ लिखा, 'My once in a lifetime, for a lifetime, 11.11'। इस कैप्शन ने उनकी शादी की तारीख को भी खास बना दिया है।

ग्रीस में हुई निजी शादी, वायरल हुई पहली तस्वीर

अनिरुद्ध और काव्या ने अपनी शादी को निजी रखा और ग्रीस में समंदर किनारे एक खूबसूरत समारोह में विवाह किया। शादी की तस्वीरों में अनिरुद्ध आइवरी रंग के कुर्ते, वेष्टि और लॉन्ग जैकेट में दिखाई दिए, जबकि काव्या ब्लश पिंक लहंगे में नजर आईं। शादी की तस्वीर सामने आते ही प्रशंसकों और फिल्मी हस्तियों ने दोनों को शुभकामनाएं दीं। अनिरुद्ध ने इसके बाद शादी से जुड़ी कुछ और तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें दोनों एक-दूसरे के साथ रोमांटिक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।

11.11 की तारीख ही क्यों चुनी?

इस शादी की सबसे दिलचस्प बात इसकी तारीख है। अनिरुद्ध और काव्या ने 11 नवंबर यानी 11.11 को अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की। अंक ज्योतिष में 11 को मास्टर नंबर माना जाता है। मान्यता के अनुसार, यह अंक आत्मविश्वास, आध्यात्मिक समझ, सकारात्मक सोच और नई शुरुआत से जुड़ा होता है। वहीं, 11:11 को कई लोग अपनी इच्छाएं मांगने और जीवन में अच्छे बदलाव की उम्मीद से भी जोड़ते हैं। हालांकि, अनिरुद्ध और काव्या ने अपनी शादी के लिए इसी तारीख को चुनने के पीछे कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है।

राजनेता और फिल्मी सितारे बने शादी के गवाह

इस शादी में दक्षिण भारतीय सिनेमा और राजनीति की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। सुपरस्टार रजनीकांत अपनी पत्नी लता रजनीकांत और बेटी ऐश्वर्या के साथ समारोह में पहुंचे। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन, उनकी पत्नी दुर्गा स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन भी शादी में शामिल हुए। शादी की एक अन्य तस्वीर में निर्माता एवी सुरेश द्वारा साझा की गई फोटो में रजनीकांत, एम.के. स्टालिन और दयानिधि मारन सहित कई मेहमान दिखाई दिए।

कौन हैं काव्या मारन?

काव्या मारन देश के प्रमुख कारोबारी परिवारों में से एक मारन परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं। काव्या सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सीईओ और सन टीवी नेटवर्क की कार्यकारी निदेशक हैं। आईपीएल के दौरान उन्हें अक्सर अपनी टीम का उत्साह बढ़ाते हुए स्टेडियम में देखा जाता है। उनकी लोकप्रियता क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भी काफी है।

कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर?

अनिरुद्ध रविचंदर दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय संगीतकार और गायक हैं। उन्होंने साल 2012 में फिल्म '3' के गाने 'Why This Kolaveri Di' से देशभर में लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने 'जेलर', 'विक्रम', 'मास्टर', 'जवान' और 'कूली' जैसी फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया। शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' से उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी अपनी पहचान मजबूत की। रजनीकांत की कई फिल्मों में भी अनिरुद्ध ने संगीत दिया है।

21 नवंबर को चेन्नई में होगा ग्रैंड रिसेप्शन

ग्रीस में निजी समारोह में शादी करने के बाद अनिरुद्ध और काव्या 21 नवंबर को चेन्नई में भव्य रिसेप्शन आयोजित करेंगे। इस समारोह में फिल्म, राजनीति, क्रिकेट और कारोबारी जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। रिसेप्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कई फिल्मी हस्तियों को निमंत्रण दिए जाने की खबरें हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.