‘TATEEREE’ गाने पर बढ़ा विवाद, महिला आयोग ने रैपर बादशाह की गिरफ्तारी के दिए आदेश...

By  Preeti Kamal March 13th 2026 06:20 PM -- Updated: March 13th 2026 06:06 PM

हरियाणा: रैपर बादशाह जिनका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है, उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अपने गीत ‘TATEEREE’ को लेकर विवादों में घिरे बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पानीपत और पंचकूला पुलिस को दिए हैं। इसके साथ ही बादशाह को नोटिस भी भेजा गया है कि राज्य में कहीं भी उनका शो आयोजित नहीं होने दिया जाएगा। महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि बादशाह को साफ शब्दों में चेतावनी दी जाती है कि अब हरियाणा महिला आयोग राज्य की बेटियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह खड़ा हो चुका है।

आपको बता दें कि ‘TATEEREE’ गाने के कुछ बोलों को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि यह महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है। इस मामले में हरियाणा में पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की थी। विवाद बढ़ने के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया और रैपर बादशाह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। आयोग का कहना था कि गाने के कुछ शब्द महिलाओं के प्रति अपमानजनक प्रतीत होते हैं।

6 मार्च को जारी हुआ था आधिकारिक समन

यह विवाद 1 मार्च 2026 के आसपास गाना रिलीज होने के बाद से लगातार बढ़ता जा रहा है। 6 मार्च को जारी आधिकारिक समन के अनुसार, यह मामला रैपर-सिंगर बादशाह के खिलाफ दर्ज शिकायतों से जुड़ा है।

बादशाह का वर्क फ्रंट

अगर बादशाह के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह पिछले कई वर्षों से पंजाबी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और बॉलीवुड तथा पंजाबी गानों में अपने रैप का तड़का लगा रहे हैं। हाल ही में उनका गाना ‘TATEEREE’ रिलीज हुआ था। इस गाने में लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिस पर महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। इससे पहले हनी सिंह भी अपने एक बयान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने भी एक शो के दौरान विवादित टिप्पणी की थी।


यूपी में भी शुरू हुआ विरोध

बादशाह के गाने ‘TATEEREE’ का विरोध उत्तर प्रदेश में भी शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की वाइस प्रेसिडेंट अपर्णा यादव ने इस गाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है और बादशाह के सभी स्टेज शो पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.