हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: CET पास 5.40 लाख युवाओं को मिलेगा मानदेय, 100 घंटे काम भी

हरियाणा सरकार CET पास 5.40 लाख युवाओं को 1 नवंबर से मानदेय देने की तैयारी कर रही है। दो साल तक नौकरी नहीं मिलने वाले युवाओं को 100 घंटे का काम दिया जाएगा। हालांकि मानदेय ₹9 हजार होगा या ₹6 हजार, इस पर अभी फैसला बाकी है।

By  Preeti Kamal July 31st 2026 11:25 AM -- Updated: July 31st 2026 11:10 AM

चंडीगढ़: हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) पास कर चुके लाखों युवाओं के लिए सरकार बड़ी योजना लागू करने की तैयारी में है। सरकार ऐसे युवाओं को 100 घंटे का काम देने के साथ मानदेय देने की तैयारी कर रही है, जिन्हें CET पास करने के बाद दो साल तक रोजगार नहीं मिल पाया है।

सरकार के सर्वे में प्रदेश में ऐसे 5 लाख 40 हजार 428 CET पास युवा सामने आए हैं। इन सभी को योजना का लाभ देने की तैयारी है। सरकार इसे 1 नवंबर यानी हरियाणा दिवस से लागू करना चाहती है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को विकसित भारत विजन 2047 के तहत रोजगार, स्किल डेवलपमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग और हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को योजना को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

100 घंटे काम के बदले मिलेगा मानदेय

सरकार की योजना के मुताबिक, जिन CET पास युवाओं को दो साल तक रोजगार नहीं मिलता है, उन्हें 100 घंटे का काम उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बदले उन्हें सक्षम युवा योजना के तहत मानदेय दिया जाएगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन युवाओं को हर महीने 9 हजार रुपये या 6 हजार रुपये का मानदेय मिलेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजना की पूरी रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

₹9 हजार या ₹6 हजार, अभी तय नहीं

दरअसल, हरियाणा सरकार ने 13 नवंबर 2024 को घोषणा की थी कि CET पास उम्मीदवारों को यदि नौकरी नहीं मिलती है तो उन्हें दो साल तक 9 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। अब सरकार इन युवाओं को सक्षम योजना के तहत मानदेय देने की तैयारी कर रही है। इस योजना में अलग-अलग श्रेणियों के युवाओं को 1,200 रुपये से लेकर 6,000 रुपये तक मानदेय दिए जाने का प्रावधान है। इसी वजह से CET पास युवाओं को मिलने वाली वास्तविक राशि को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अंतिम फैसला योजना की रूपरेखा तैयार होने के बाद लिया जाएगा।

AI, रोबोटिक्स और ड्रोन की ट्रेनिंग पर भी जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि AI, रोबोटिक्स और ड्रोन जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण देने के लिए करनाल, पंचकूला और पानीपत में नए केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन केंद्रों में युवाओं को आधुनिक मशीनों और तकनीक के जरिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत हरियाणा को टॉप-10 में स्थान मिला है और इसके माध्यम से करीब 51 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

योजना से लाखों युवाओं को मिल सकती है राहत

अगर सरकार की योजना 1 नवंबर से लागू होती है तो प्रदेश के 5.40 लाख से ज्यादा CET पास युवाओं को इसका लाभ मिल सकता है। फिलहाल युवाओं की नजर इस बात पर है कि सरकार मानदेय की अंतिम राशि कितनी तय करती है और 100 घंटे के काम की प्रक्रिया क्या होगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.