हरियाणा के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में होगा 5 मिनट का योग ब्रेक, 50 कर्मचारियों पर एक को मिलेगा प्रशिक्षण
हरियाणा सरकार ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन पांच मिनट का ‘वाई-ब्रेक’ शुरू करने की पहल की है। एक माह के भीतर प्रत्येक 50 कर्मचारियों पर कम से कम एक कर्मचारी को योग प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो कार्यस्थल पर नियमित योग सत्र संचालित करेगा। योजना के तहत औद्योगिक इकाइयों में योग शिविर और प्रशिक्षण आयोजित होंगे।
चंडीगढ़, हरियाणा: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन पांच मिनट का ‘वाई-ब्रेक’ (कार्यस्थल पर योग ब्रेक) सुनिश्चित करने की समयबद्ध पहल शुरू की है। आयुष विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस पहल के तहत प्रदेश की प्रत्येक औद्योगिक इकाई में योग शिविर और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही नियमित रूप से योग से जोड़ना है।
डॉ. सुमिता मिश्रा के अनुसार, एक माह के भीतर प्रत्येक 50 कर्मचारियों पर कम से कम एक कर्मचारी को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर योग सत्रों का संचालन करेगा, जिससे अन्य कर्मचारी भी प्रतिदिन पांच मिनट के ‘वाई-ब्रेक’ में योगाभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल कार्यस्थल पर योग को दैनिक गतिविधि का हिस्सा बनाने और कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
औद्योगिक इकाइयों में योग को मिलेगा बढ़ावा
सरकार की इस पहल के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों में योग शिविर आयोजित कर कर्मचारियों को योगाभ्यास की तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यस्थल पर ही योग सत्र संचालित करने के लिए कर्मचारियों को तैयार किया जाएगा। ‘वाई-ब्रेक’ का उद्देश्य काम के दौरान कर्मचारियों को थोड़े समय के लिए योग और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे तरोताजा होकर अपने कार्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें।