हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जमीनी स्तर तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की पहुंच

हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। अभियान के तहत जनभागीदारी बढ़ाने, पात्र नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। सेवा सेतु पहल प्रमुख आकर्षण होगी।

By  Preeti Kamal September 3rd 2026 06:00 PM -- Updated: September 3rd 2026 03:59 PM

चंडीगढ़, हरियाणा: हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा और सुशासन से जुड़े कार्यों के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी तरीके से कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 सरकार का जोर इस बात पर रहेगा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।अभियान के तहत ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ प्रमुख पहल होगी। इसके अंतर्गत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

एक महीने में होंगी कई सेवा गतिविधियां

अभियान के दौरान सेवा, जनभागीदारी और सुशासन से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इनमें सेवा सेतु अभियान, ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही ‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’ के माध्यम से विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और तकनीकी विशेषज्ञों को जमीनी स्तर पर सुशासन में उपयोगी डिजिटल समाधान तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

17 अक्टूबर को होगा समापन कार्यक्रम

एक महीने चलने वाले अभियान का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। अभियान के जरिए सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किए धार्मिक स्थलों के दर्शन

इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब दौरे के दौरान लखनो स्थित डेरा बाबा उमेद गिरी जी पहुंचकर प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पवित्र भूमि पर आने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान ऊना स्थित बाबा बाल जी आश्रम भी पहुंचे। उन्होंने कोटला कलां स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पवित्र स्थल राधा-कृष्ण की भक्ति, सेवा भाव और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है, जिसकी गूंज ऊना से निकलकर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचती है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.