हरियाणा के कन्वेंशन सेंटर के लिए सिंगापुर पहुंचे सीएम नायब सिंह सैनी, वैश्विक बुनियादी ढांचे का लिया जायजा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे पर गुरुग्राम में प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर की योजना की समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल देखे और सेमीकंडक्टर, उन्नत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर चर्चा की।

By  Preeti Kamal October 4th 2026 08:00 PM -- Updated: October 4th 2026 06:20 PM

सिंगापुर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने सिंगापुर दौरे के दौरान गुरुग्राम में प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर की योजना की समीक्षा की। करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले इस केंद्र में आधुनिक इंजीनियरिंग और अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, सैनी ने सिंगापुर में सनटेक सिटी (Suntec City) और गार्डन्स बाय द बे (Gardens by the Bay) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वैश्विक स्तर के बुनियादी ढांचे, सुविधाओं के संचालन, प्रकृति संरक्षण और जल प्रबंधन से जुड़े मॉडलों का अध्ययन किया। हरियाणा सरकार इन मॉडलों से मिले अनुभवों को राज्य में प्रस्तावित परियोजनाओं में लागू करने की संभावनाओं पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री का सिंगापुर दौरा 4 से 6 अक्टूबर तक निर्धारित है।

सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम में लेंगे हिस्सा

मुख्यमंत्री सैनी सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर की आधुनिक तकनीक और बुनियादी ढांचे को समझने के साथ-साथ निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे।

शाम को वे सिंगापुर बिजनेस फोरम की ओर से आयोजित रात्रिभोज में विभिन्न प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। हरियाणा में प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री सिंगापुर सफारी का भी दौरा करेंगे।

इन क्षेत्रों में निवेश पर जोर

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, उन्नत विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), विमानन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। हरियाणा सरकार का लक्ष्य राज्य को वैश्विक निवेशकों के लिए अधिक निवेश-अनुकूल, प्रतिस्पर्धी और नवाचार आधारित औद्योगिक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

उद्योग जगत और निवेशकों से होगी सीधी बातचीत

सैनी सिंगापुर में विभिन्न प्रमुख उद्योग समूहों, निवेशकों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों और क्षेत्रीय विशेषज्ञों के साथ गोलमेज बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में हरियाणा की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल माहौल, मजबूत बुनियादी ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारों की संभावनाओं को सामने रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी करेंगे। इस दौरान सिंगापुर की कंपनियों को हरियाणा में विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने, अनुसंधान एवं विकास केंद्र खोलने, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग में निवेश करने तथा खाद्य प्रसंस्करण और उच्च तकनीक वाले उद्योगों में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण पर विशेष फोकस

हरियाणा सरकार ने भविष्य से जुड़े क्षेत्रों, विशेषकर सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण, में निवेश आकर्षित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। सिंगापुर दौरे को इसी रणनीति के तहत संभावित निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसर तलाशने के एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.