हरियाणा के हर गांव का संकल्प बने ‘विकसित भारत’: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प राज्य के हर गांव और परिवार का संकल्प बनना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन को जमीन पर लागू करने और जनभागीदारी से विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

By  Preeti Kamal October 4th 2026 03:00 PM -- Updated: October 4th 2026 02:24 PM

नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राज्य के मंत्रियों और भाजपा विधायकों की बैठक को “ऐतिहासिक और प्रेरणादायक” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा के विकास, जनसेवा और सरकार को जनता तक पहुंचाने को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राजनीति सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का साधन है।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया मंत्र अब केवल बैठक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उसे जमीन पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर मंत्री अपने विभाग में, प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में और प्रत्येक कार्यकर्ता अपने गांव में प्रधानमंत्री की सोच को आगे बढ़ाने का काम करेगा।

प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन ही हरियाणा का संकल्प: सैनी

सैनी ने कहा, “प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया मंत्र हमारा संकल्प है। उनसे मिली दिशा केवल बैठक तक सीमित नहीं रहेगी। हर मंत्री अपने विभाग में, हर विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में और हर कार्यकर्ता अपने गांव में इस सोच को जमीन पर उतारने का काम करेगा।”

सरकार को जनता के बीच पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार को सीधे जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को भी लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और उनके समाधान जमीन पर दिखाई देने चाहिए। सैनी ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का संकल्प हरियाणा के हर गांव और हर परिवार का संकल्प बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशों और मार्गदर्शन को पूरी प्रतिबद्धता, शक्ति और जनभागीदारी के साथ लागू किया जाएगा।

हर गांव, किसान, युवा और परिवार की भागीदारी जरूरी

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारों के प्रयास से नहीं हो सकता। इसके लिए हर गांव, किसान, युवा, महिला और परिवार को इस संकल्प से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जब हर परिवार विकसित भारत के संकल्प से जुड़ेगा, तो उसके साथ विकसित हरियाणा का निर्माण भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि शासन और जनता के बीच कोई दूरी न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी योजनाएं केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रहें, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से उन्हें जनअभियान में बदला जाना चाहिए।

हर विधानसभा क्षेत्र के 30 से 35 गांवों में होंगी बैठकें

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 30 से 35 गांवों में नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन गांवों में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ-साथ टिफिन बैठक भी आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में ग्रामीणों के साथ संवाद किया जाएगा, स्थानीय समस्याओं पर चर्चा होगी और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

‘हरियाणा को अपना परिवार मानते हैं प्रधानमंत्री’

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से लंबे समय से जुड़ाव रहा है और वह हरियाणा को अपना परिवार मानते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के राजनीति को लेकर संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि “राजनीति सत्ता के लिए नहीं, सेवा का माध्यम है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा के जरिए राजनीति करने का रास्ता दिखाया है। सैनी के मुताबिक, राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होने और उनकी समस्याओं को समझने का माध्यम है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.