कर्नाटक: "डीके शिवकुमार ही बनेंगे मुख्यमंत्री", CLP बैठक से पहले कांग्रेस विधायक का बड़ा दावा
बेंगलुरु, कर्नाटक: कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अहम बैठक से पहले कांग्रेस विधायक यासिर अहमद खान पठान ने मुख्यमंत्री पद के लिए डीके शिवकुमार का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि डीके शिवकुमार ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री चुने जाएंगे। मीडिया से बातचीत में यासिर अहमद खान पठान ने कहा कि आज शाम 4 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें विधायक दल के नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
यह बैठक मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद हो रही है। उन्होंने कहा, "आज शाम 4 बजे CLP की बैठक होगी। इसमें सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार, रणदीप सिंह सुरजेवाला और सभी निर्वाचित विधायक मौजूद रहेंगे। पार्टी के समर्पित विधायक होने के नाते हम आज अपने नेता का चयन करेंगे।"
"डीके शिवकुमार ने पिछले 40 वर्षों से असाधारण काम किए"
डीके शिवकुमार के समर्थन में बोलते हुए पठान ने कहा कि उन्होंने पिछले 40 वर्षों में कांग्रेस के लिए असाधारण कार्य किया है और कई बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने कहा, "40 वर्षों से उन्होंने कांग्रेस के लिए शानदार काम किया है। उन्होंने हजारों लोगों की मदद की है और पार्टी को अपना सब कुछ दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आज डीके शिवकुमार ही हमारे मुख्यमंत्री चुने जाएंगे।"
#WATCH | बेंगलुरु, कर्नाटक: कर्नाटक कांग्रेस लेजिस्लेचर पार्टी (CLP) की बैठक पर, कांग्रेस विधायक यासिर अहमद खान पठान ने कहा, “CLP की बैठक आज शाम 4:00 बजे बुलाई गई है। वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया, डी.के. शिवकुमार, रणदीप सुरजेवाला, और सभी चुने हुए विधायक वहां मौजूद रहेंगे। पार्टी के… pic.twitter.com/JaEFpU8OuN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 30, 2026
शुक्रवार को सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया
कर्नाटक कांग्रेस की यह महत्वपूर्ण बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलाव और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इससे पहले कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था। साथ ही, नई व्यवस्था होने तक सिद्धारमैया को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम जारी रखने को कहा गया है।
राज्य में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर चर्चा तेज
इस बीच डीके शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा नामांकन, विधान परिषद (MLC) नियुक्तियों और अन्य संगठनात्मक फैसलों का अधिकार पूरी तरह नई दिल्ली स्थित पार्टी नेतृत्व के पास है। उन्होंने कहा, "हम अपनी सूची अन्य राज्यों की सूची के साथ जारी करेंगे। मुझे यही जानकारी मिली है। इस विषय पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।" शुक्रवार को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने नई दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर राज्य में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा की थी।