फारूक अब्दुल्ला पर हमले की कोशिश के बाद सियासत तेज, कांग्रेस ने मांगी जवाबदेही...

By  Preeti Kamal March 12th 2026 11:37 AM -- Updated: March 12th 2026 11:34 AM

जम्मू-कश्मीर, भारत: जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जम्मू में एक निजी कार्यक्रम के दौरान हुए कथित हमले की कोशिश की कड़ी निंदा की है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने लिखा, “आज जम्मू में पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला साहब और अन्य वरिष्ठ नेताओं पर हुई गोलीबारी की घटना बेहद चौंकाने वाली है। ऐसे हिंसक कृत्य बेहद परेशान करने वाले हैं और क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।”

लोगों को सुरक्षा, स्थिरता और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए

तारिक हमीद कर्रा ने आगे कहा कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन पर है, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। लोगों को सुरक्षा, स्थिरता और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

आरोपी की पहचान कमल सिंह के रूप में हुई

इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि फारूक अब्दुल्ला की जान लेने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान जम्मू के पुरानी मंडी निवासी कमल सिंह के रूप में की है।जम्मू-कश्मीर के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री सतीश शर्मा ने भी इस घटना को “सुरक्षा में चूक” बताया और इसकी विस्तृत जांच की मांग की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मौजूद सभी नेता सुरक्षित हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल, फारूक अब्दुल्ला समेत सभी लोग सुरक्षित

सतीश शर्मा ने कहा, “पुलिस इस मामले को संभाल रही है। अभी और जानकारी का इंतजार है। फारूक अब्दुल्ला समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। आरोपी पुलिस हिरासत में है। पहले जांच होगी, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह भी जांच होनी चाहिए कि हथियार इस कार्यक्रम तक कैसे पहुंचा। उनके मुताबिक ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं, इसलिए नेताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को पर्याप्त सुरक्षा दी जानी चाहिए।

सोशल मीडिया पर गिरफ्तार किए गए कमल सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें आरोपी बता रहा है कि वो पिछले 20 साल से फारुक अब्दुल्ला को जान से मारने की कोशिश में था।

इस घटना का आतंकी एंगल नहीं

इस बीच, दक्षिण जम्मू के पुलिस अधीक्षक अजय शर्मा घटना के बाद फारूक अब्दुल्ला से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी जल्द साझा की जाएगी। उन्होंने पहले बताया था कि इस घटना में आतंकी एंगल नहीं है। पुलिस के अनुसार, यह घटना एक शादी समारोह में लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की है, जहां फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद थे। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.