नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, बिहार की राजनीति में हलचल तेज...
पटना, बिहार: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है और संभावित नए गठबंधन को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
नीतीश कुमार ने सोशल मडिया एक्स पर लिखा, "आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।
बिहार, देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा- नीतीश कुमार
अपनी पोस्ट में उन्होंने यह भी लिखा कि इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
'अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी'
बिहार की जनता से अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।
राज्य के हित में यह निर्णय लिया- नीतीश कुमार
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव ला सकता है। वहीं, विपक्षी दलों ने इस घटनाक्रम को लेकर सत्ताधारी गठबंधन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने राज्य के हित में यह निर्णय लिया है और आगे की रणनीति पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। फिलहाल, बिहार में अगली सरकार किसकी बनेगी और कौन मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।