मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा से जुड़े नए इनपुट के बीच उनके आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को पहले से Z-प्लस सुरक्षा प्राप्त है। अब मौजूदा सुरक्षा घेरे के साथ उनके घर और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सुरक्षा बढ़ाने का फैसला नई खुफिया जानकारी और नई दिल्ली क्षेत्र में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

प्रदर्शन के बीच सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इंडिया ब्लॉक के नेता CEC के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्थानीय पुलिस को भी अतिरिक्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। खासतौर पर नई दिल्ली जिले में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।

तीन राज्यों से बड़ी संख्या में जवान बुलाए गए

दिल्ली में 8 से 12 अक्टूबर के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 221 कंपनियां यानी लगभग 23 हजार सुरक्षाकर्मी पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से राजधानी बुलाए गए हैं।

इन जवानों को केवल CEC के आवास के आसपास ही नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में भी तैनात किया जाएगा। इसका उद्देश्य विरोध प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इस बीच दिल्ली के अलावा बिहार, नागपुर और हैदराबाद समेत कई शहरों में भी CEC के खिलाफ प्रदर्शन होने की जानकारी सामने आई है। राजधानी में विपक्षी सांसदों की प्रस्तावित गतिविधियों को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आने वाले दिनों में दिल्ली में राजनीतिक प्रदर्शन बढ़ने की संभावना के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।