पुडुचेरी चुनाव 2026: वीपी रामलिंगम ने डाला वोट, कहा— "NDA फिर बनाएगी सरकार"
पुडुचेरी, भारत: BJP पुडुचेरी के अध्यक्ष वी पी रामलिंगम जो राजभवन सीट से उम्मीदवार हैं, उन्होंने गुरुवार को हेरिटेज टाउन स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने भरोसा जताया कि NDA एक बार फिर सत्ता में लौटेगी। वोट डालने के बाद रामलिंगम ने कहा, “NDA सरकार निश्चित रूप से फिर से सत्ता में आएगी, क्योंकि हम कई परियोजनाएं, रोजगार के अवसर और बुनियादी ढांचे का विकास कर रहे हैं।”
सुबह 7 बजे से पुडुचेरी, केरल और असम में मतदान शुरू हुआ, जो चुनावी प्रक्रिया का अहम चरण है। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो लोकतंत्र के प्रति उत्साह को दर्शाती हैं।
पीएम ने की मतदान की अपील
इस बीच, नरेंद्र मोदी ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने X पर लिखा, “मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें… हर वोट पुडुचेरी के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण है,” खासकर युवाओं और महिलाओं से अपील की। वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मतदाताओं से अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
Robo Mirror ने किया मतदाताओं का स्वागत
मतदान को तकनीकी रूप से खास बनाने के लिए VOC गवर्नमेंट स्कूल के बूथ पर “नीला” नाम का एक ह्यूमनॉइड रोबोट तैनात किया गया, जो साड़ी पहने हुए मतदाताओं का स्वागत कर रहा था। Robo Mirror द्वारा विकसित यह रोबोट अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में संवाद कर सकता है।
कुल 10,14,070 मतदाता हैं पुडुचेरी में
पुडुचेरी में कुल 10,14,070 मतदाता हैं, जिनमें 5,39,125 महिलाएं, 4,74,788 पुरुष और 157 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इनमें 24,156 पहली बार वोट डालने वाले (18-19 आयु वर्ग) और 6,034 मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं। यह चुनाव 30 सदस्यीय विधानसभा के गठन का फैसला करेगा, जिसकी मतगणना 4 मई को होगी।