पंजाब चुनाव 2027 से पहले AAP को झटका, हरमीत पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा BJP में होंगे शामिल

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

By  Preeti Kamal November 2nd 2026 11:51 AM

नई दिल्ली: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी से इस्तीफा देने वाले विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहे हैं। दोनों नेता सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उनके पार्टी में शामिल होने का औपचारिक कार्यक्रम प्रस्तावित है।

दोनों नेताओं ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले पार्टी ने उन पर कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाते हुए निलंबन की कार्रवाई की थी।

पहली उम्मीदवार सूची के बाद दो विधायकों ने छोड़ी AAP

हरमीत सिंह पठानमाजरा पटियाला जिले की सनौर विधानसभा सीट और चेतन सिंह जौरामाजरा समाना सीट से विधायक हैं। दोनों के इस्तीफे ऐसे समय में आए हैं, जब आम आदमी पार्टी ने 31 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी ने अभी तक सनौर और समाना सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की थी। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में नए प्रभारियों की नियुक्ति के बाद उनकी दोबारा उम्मीदवारी को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं।

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी विधानसभा सदस्यता से दिया इस्तीफा

AAP में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी सोमवार को पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेजा। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनका इस्तीफा 1 नवंबर 2026 से प्रभावी है।

कुंवर विजय प्रताप सिंह को 29 जून 2025 को आम आदमी पार्टी से निलंबित किया गया था। अमृतसर के लोगों के नाम अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वह मिले प्यार और सम्मान के लिए आखिरी सांस तक उनके आभारी रहेंगे। उन्होंने पंजाब को नशे, जबरन वसूली, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार से बाहर निकालने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य स्वच्छ राजनीति और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना है। उनका नारा 'पंजाब फर्स्ट' रहेगा और इसके अलावा उनका कोई व्यक्तिगत हित नहीं होगा।

AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची

यह पूरा घटनाक्रम पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा और जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है।

पहली सूची में कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, बलकार सिंह को करतारपुर, जय कृष्ण सिंह रौड़ी को गढ़शंकर, कुलवंत सिंह को एसएएस नगर और लाभ सिंह उगोके को भदौड़ से टिकट दिया गया है। पंजाब में चुनाव से कई महीने पहले उम्मीदवारों की घोषणा और पार्टी के विधायकों के इस्तीफों ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। आने वाले दिनों में अन्य नेताओं के रुख और राजनीतिक दलों की रणनीति पर नजर रहेगी।

Related Post

1984 सिख विरोधी दंगों की बरसी पर रैली को लेकर अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रही पार्टी
पंजाब चुनाव 2027: AAP ने गुरप्रीत सिंह बनांवाली को सरदूलगढ़ से फिर दिया टिकट, विकास कार्यों और नशे के मुद्दे पर रखी बात
पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची, धूरी से भगवंत मान और कोटकपूरा से कुलतार संधवां को टिकट
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों पर सचिन पायलट का जवाब, बोले- पार्टी किसी एक चेहरे पर निर्भर नहीं
पंजाब चुनाव से पहले AAP की बड़ी बैठक, 31 अक्टूबर को जारी होगी उम्मीदवारों की पहली सूची
पंजाब में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लुधियाना में 20 FIR दर्ज; 52 संदिग्ध हिरासत में

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.