नई दिल्ली: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी से इस्तीफा देने वाले विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहे हैं। दोनों नेता सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उनके पार्टी में शामिल होने का औपचारिक कार्यक्रम प्रस्तावित है।
दोनों नेताओं ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले पार्टी ने उन पर कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाते हुए निलंबन की कार्रवाई की थी।
#WATCH | Rebel AAP leaders raise slogans of 'BJP Zindabad' at the BJP Headquarters in Delhi.
They will be joining BJP shortly. https://t.co/vklz5pbZhk
— ANI (@ANI) November 2, 2026
पहली उम्मीदवार सूची के बाद दो विधायकों ने छोड़ी AAP
हरमीत सिंह पठानमाजरा पटियाला जिले की सनौर विधानसभा सीट और चेतन सिंह जौरामाजरा समाना सीट से विधायक हैं। दोनों के इस्तीफे ऐसे समय में आए हैं, जब आम आदमी पार्टी ने 31 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी ने अभी तक सनौर और समाना सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की थी। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में नए प्रभारियों की नियुक्ति के बाद उनकी दोबारा उम्मीदवारी को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं।
Major Blow to AAP, Rebel Leaders Switch to BJP Ahead of Punjab Polls LIVE Press Conference
#bjp #pressconference #delhi #punjab #aap #live
https://t.co/tzif0EjMhY
— ANI (@ANI) November 2, 2026
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी विधानसभा सदस्यता से दिया इस्तीफा
AAP में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी सोमवार को पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेजा। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनका इस्तीफा 1 नवंबर 2026 से प्रभावी है।
कुंवर विजय प्रताप सिंह को 29 जून 2025 को आम आदमी पार्टी से निलंबित किया गया था। अमृतसर के लोगों के नाम अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वह मिले प्यार और सम्मान के लिए आखिरी सांस तक उनके आभारी रहेंगे। उन्होंने पंजाब को नशे, जबरन वसूली, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार से बाहर निकालने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य स्वच्छ राजनीति और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना है। उनका नारा 'पंजाब फर्स्ट' रहेगा और इसके अलावा उनका कोई व्यक्तिगत हित नहीं होगा।
AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची
यह पूरा घटनाक्रम पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा और जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है।
पहली सूची में कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, बलकार सिंह को करतारपुर, जय कृष्ण सिंह रौड़ी को गढ़शंकर, कुलवंत सिंह को एसएएस नगर और लाभ सिंह उगोके को भदौड़ से टिकट दिया गया है। पंजाब में चुनाव से कई महीने पहले उम्मीदवारों की घोषणा और पार्टी के विधायकों के इस्तीफों ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। आने वाले दिनों में अन्य नेताओं के रुख और राजनीतिक दलों की रणनीति पर नजर रहेगी।
Add GTC Bharat on Google