अमृतसर एयरपोर्ट पर ड्रोन दिखने के बाद हड़कंप, 7 उड़ानें डायवर्ट; करीब 90 मिनट बंद रहा संचालन

अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार रात ड्रोन दिखने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक उड़ान संचालन रोक दिया गया। सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। रात 11:15 बजे परिचालन बहाल हुआ। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं।

By  Preeti Kamal September 7th 2026 11:45 AM -- Updated: September 7th 2026 11:40 AM

अमृतसर, पंजाब: पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार देर रात ड्रोन देखे जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक उड़ान संचालन रोकना पड़ा। इस दौरान अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट निदेशक अनिरुद्ध कुमार शर्मा के अनुसार, रात करीब 9:45 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को भारतीय वायुसेना से सूचना मिली कि एयरफील्ड के आसपास ड्रोन देखे गए हैं। उस समय अमृतसर में उतरने वाली कई उड़ानें आसमान में चक्कर लगा रही थीं।

ड्रोन संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत एयरपोर्ट के कंट्रोल टावर में संयुक्त कार्रवाई समिति (Joint Action Committee) की बैठक हुई। समिति ने आकलन किया कि ड्रोन गतिविधि के कारण विमानों की लैंडिंग प्रभावित हो सकती है। इसके बाद रात करीब 9:50 बजे एयरफील्ड को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया।

7 उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ भेजा गया

एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, उस समय करीब सात विमान अमृतसर के ऊपर होल्डिंग पैटर्न में थे। इनमें से दो उड़ानों को चंडीगढ़ और पांच को दिल्ली डायवर्ट किया गया। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, संदिग्ध उड़ती वस्तुएं रनवे और एयरपोर्ट के संवेदनशील परिचालन क्षेत्रों के आसपास देखी गई थीं। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में इन्हें ड्रोन जैसा बताया गया है और इनके स्रोत या संचालक की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

रात 11:15 बजे सामान्य हुआ संचालन

करीब रात 11 बजे संयुक्त कार्रवाई समिति ने स्थिति की समीक्षा की। उस समय किसी नई ड्रोन गतिविधि की सूचना नहीं मिलने के बाद एयरपोर्ट संचालन दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया। एयरपोर्ट को करीब 11:15 बजे सामान्य परिचालन के लिए खोल दिया गया। इसके बाद डायवर्ट की गई उड़ानों की वापसी शुरू हुई। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, सात डायवर्ट उड़ानों में से पांच वापस अमृतसर लौट आईं। एक एयर इंडिया उड़ान, जिसे दिल्ली भेजा गया था, रद्द कर दी गई, जबकि मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान के बाद में पहुंचने की उम्मीद जताई गई।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। अमृतसर एयरपोर्ट भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब स्थित होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एयरपोर्ट के आसपास दिखाई दी संदिग्ध उड़ती वस्तुएं वास्तव में ड्रोन थीं या कोई अन्य मानवरहित हवाई वस्तु। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया है कि स्थिति सामान्य है और उड़ान संचालन बहाल हो चुका है।

Related Post

Punjab Politics: 'अमित शाह के कहने से नहीं होता…', भगवंत मान का पलटवार, बोले- गुजरात से आ रहा नशा
Punjab Assembly Session: वोट चोरी के खिलाफ प्रस्ताव लाने वाला देश का पहला राज्य बना पंजाब, सीएम भगवंत मान ने बीजेपी पर साधा निशाना
Chitta Ravan Politics: अमित शाह के ‘चिट्टा रावण’ दहन से लौटी 2016 की यादें, रवनीत बिट्टू की बदली पार्टी, लेकिन नशे का मुद्दा बरकरार
Bhagwant Mann IGI Airport Row: दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 घंटे रोके जाने का दावा, ₹50 हजार जुर्माने पर AAP ने केंद्र को घेरा
पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों के परिजनों से मिले अमित शाह, भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना
अमित शाह ने गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से की मुलाकात, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई का दिया संदेश

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.