पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: AAP ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, अब तक 71 सीटों पर उतारे प्रत्याशी

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। भगवंत मान की पार्टी अब तक 117 में से 71 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। शेष 46 सीटों पर घोषणा बाकी है।

By  Preeti Kamal November 12th 2026 05:49 PM

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने गुरुवार, 12 नवंबर को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 31 उम्मीदवारों को जगह दी गई है। इसके साथ ही AAP अब तक पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 71 पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।

पार्टी की दूसरी सूची में जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, गुरदासपुर, पटियाला और मालवा क्षेत्र की कई अहम विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इनमें जसवीर सिंह गढ़ी, डॉ. केएनएस कांग, डॉ. सुहानी डोडा, गुरमीत सिंह मीत हेयर और नितिन कोहली जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

AAP की दूसरी सूची में इन 31 उम्मीदवारों को मिला टिकट

आम आदमी पार्टी ने सुजानपुर से स्वर्ण एस. सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीनानगर से शमशेर सिंह और कादियां से गुरिकबल सिंह माहल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, फतेहगढ़ चूड़ियां से हरजोबनजीत सिंह रंधावा (जोबन रंधावा), राजा सांसी से सोनिया मान, मजीठा से तलवीर सिंह गिल, अमृतसर नॉर्थ से करमजीत सिंह रिंटू और पट्टी से जसवांकर सिंह गिल (जस्सा पट्टी) को टिकट दिया गया है।

दोआबा क्षेत्र में भुलत्थ से हरसिमरन सिंह, कपूरथला से दविंदर पाल सिंह रंगा, फगवाड़ा से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, फिल्लौर से हरजोत कौर लोहिया, शाहकोट से बलवीर सिंह पाला जलालपुर और मुकेरियां से सरबजोत सिंह साबी को चुनावी मैदान में उतारा गया है। जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर नॉर्थ से वनीत धीर, जालंधर कैंट से दीपक बाली और आदमपुर से पवन कुमार टीनू को उम्मीदवार बनाया गया है। नवांशहर से रॉबी कंग को टिकट मिला है।

इसके अलावा चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. केएनएस कांग और जगरांव से सरवजीत कौर मानुके को प्रत्याशी घोषित किया गया है। मालवा क्षेत्र में अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, बल्लुआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां, बठिंडा ग्रामीण से गोपाल सिंह, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर और शुतराणा से वनींदर कौर लूंबा को टिकट दिया गया है।

पहली सूची में भगवंत मान समेत 40 उम्मीदवारों के नाम थे

इससे पहले 31 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी ने पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी से, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से और मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया था। पहली सूची में गुरप्रीत सिंह बनांवाली को सरदूलगढ़, कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा और भगवंत मान को धूरी से मैदान में उतारा गया था। 

पंजाब की 117 सीटों पर 2027 में होगा चुनाव

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य में सरकार बनाई थी। अब 2027 के चुनाव को देखते हुए पार्टी समय से पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर रही है, ताकि प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार और संगठन मजबूत करने का पर्याप्त समय मिल सके। दूसरी सूची के साथ पार्टी ने अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। शेष 46 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है।

Related Post

पंजाब में BJP की बठिंडा रैली के क्या हैं मायने? अकाली दल के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
पंजाब की सियासत में बड़ा फैसला, पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे; समर्थकों का जताया आभार
पंजाब में बंदी सिंहों की रिहाई का मुद्दा फिर चर्चा में, 30 साल से जेल में बंद कैदियों की कहानी
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का निधन, अंतिम वीडियो कॉल के कुछ दिन बाद गई जान
पंजाब में चलती ट्रेन में लगी भीषण आग, राजपुरा के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस के कई डिब्बे चपेट में आए; सभी यात्री सुरक्षित
अमृतसर में सतनाम सिंह संधू की पुस्तक का विमोचन, प्रो. मनजीत सिंह बोले- युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ेगी

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.